मुंबई। अभिनेत्री दिशा पाटनी इन दिनों गहरे दुख से गुजर रही हैं। अपने बेहद करीब रहे पालतू डॉग बेला और बिल्ली जैस्मिन को खोने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। दिशा ने दोनों पालतू जानवरों को अपना पहला बच्चा बताते हुए उनके साथ बिताए गए खूबसूरत पलों को याद किया और बताया कि उन्होंने उनकी जिंदगी में कितनी खास जगह बनाई थी।
अभिनेत्री ने सबसे पहले अपने प्रिय डॉग बेला को श्रद्धांजलि देते हुए एक भावनात्मक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में बेला के बचपन से लेकर बड़े होने तक की कई तस्वीरें और वीडियो शामिल थे। कुछ तस्वीरों में बेला एक छोटे से पपी के रूप में नजर आ रही है, जबकि अन्य तस्वीरों में दिशा उसके साथ खेलती, उसे गले लगाती और प्यार करती दिखाई दे रही हैं।
एक तस्वीर में बेला पर्दे के पास बैठी हुई दिखाई देती है, जहां उसने अपना एक पंजा ऊपर उठा रखा है। वहीं कई अन्य तस्वीरों और वीडियो में दिशा और बेला के बीच का गहरा लगाव साफ झलकता है। इन यादगार पलों को साझा करते हुए अभिनेत्री ने अपने दिल की बात भी लिखी।
दिशा ने कैप्शन में लिखा, मेरी प्यारी बेला, मेरी जिंदगी को खूबसूरत रंगों से भरने के लिए तुम्हारा धन्यवाद। हमारे घर को अपना घर और मुझे अपनी मां के रूप में स्वीकार करने के लिए मैं हमेशा तुम्हारी आभारी रहूंगी। तुमने मुझे सिखाया कि बिना शर्त प्यार क्या होता है। तुम्हारी आंखों में मैंने अपनी पूरी दुनिया देखी थी। मैं तुम्हें बहुत याद करती हूं और हमेशा करती रहूंगी। तुम दुनिया की सबसे प्यारी बच्ची थीं। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे। मेरी सोलमेट, मेरी बेलू, मैं तुम्हारे लिए हमेशा कृतज्ञ रहूंगी।
बेला को याद करने के कुछ समय बाद दिशा ने अपनी पालतू बिल्ली जैस्मिन के लिए भी एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने जैस्मिन को अपनी हमेशा की राजकुमारी बताया और उसके साथ बिताए अनमोल पलों को याद किया।
अभिनेत्री ने लिखा कि जैस्मिन का उनके हाथों को अपने पंजों से छूना और उसका प्यार से गुर्राना उनके लिए बेहद सुकून देने वाला एहसास था। उन्होंने कहा कि इन छोटी-छोटी यादों की जगह कोई और नहीं ले सकता और यह रिश्ता हमेशा उनके दिल में जीवित रहेगा।
अपने संदेश में दिशा ने लिखा, मेरी जैस्मिन, मेरी सबसे प्यारी बच्ची होने के लिए तुम्हारा शुक्रिया। तुम्हारी मां होने पर मुझे गर्व है। तुम हमेशा मेरी प्रिंसेस रहोगी। तुम्हारे पंजों का मेरे हाथों पर महसूस होना और तुम्हारी प्यारी सी आवाज मेरे जीवन के सबसे खूबसूरत अनुभवों में से एक थी। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं और तुम्हें बेहद याद करती हूं। मेरी जासू, ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे। तुम हमेशा मेरे दिल में रहोगी और हमेशा प्यार की जाओगी। मेरी प्यारी प्रिंसेस जैस्मिन।
दिशा की इन पोस्टों से यह संकेत मिलता है कि उन्होंने बेला और जैस्मिन दोनों को लगभग एक ही समय में खोया है। हालांकि अभिनेत्री ने अभी तक यह नहीं बताया है कि दोनों पालतू जानवरों की मौत किस वजह से हुई।
गौरतलब है कि दिशा पाटनी अक्सर अपने पालतू जानवरों के साथ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करती रही हैं। वह कई बार इंटरव्यू और पोस्ट के जरिए यह भी बता चुकी हैं कि बेला और जैस्मिन उनके परिवार का अहम हिस्सा थे और उनके साथ उनका भावनात्मक जुड़ाव बेहद गहरा था।
दिशा की इन भावुक पोस्टों पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और उनके करीबी दोस्तों ने प्रतिक्रिया दी है। कमेंट सेक्शन में लोगों ने अभिनेत्री को सांत्वना दी और इस मुश्किल समय में हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी। वहीं उनके प्रशंसकों ने भी बेला और जैस्मिन को श्रद्धांजलि देते हुए दिशा के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।