2 News : दिलजीत पहली बार आर्यन से मिलने पर इसलिए हुए हैरान, मालदीव्स में वेकेशन का मजा ले रही हैं अनन्या

सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान इन दिनों अपनी डेब्यू वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। फैंस इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में शाहरुख ने इसका एक बिहाइंड द सीन (BTS) वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें मशहूर पंजाबी सिंगर व एक्टर दिलजीत दोसांझ नजर आए थे। इसमें दिलजीत सीरीज के एक गाने 'तेनु की पता' की रिकॉर्डिंग करते दिखाई दिए। वीडियो पोस्ट करते हुए शाहरुख ने दिलजीत की तहे दिल से प्रशंसा की और बताया कि कैसे उन्होंने इस गाने में जान डाल दी। शाहरुख ने लिखा, “दिलजीत पाजी को दिल से शुक्रिया और ढेर सारी झप्पी।

आप बहुत दयालु और प्यारे हैं। उम्मीद है आर्यन ने आपको ज्यादा परेशान नहीं किया होगा।” शाहरुख की इस प्यारी पोस्ट पर दिलजीत ने भी बेहद प्यारा जवाब दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर रिएक्शन देते हुए आर्यन के साथ अपने अनुभव को साझा किया। दिलजीत ने लिखा, “सर, बहुत प्यार जी। आर्यन भी बहुत प्यारा है। पहली बार जब स्टूडियो में उससे मिला, ऐसा लगा जैसे आपसे मिल रहा हूं, जो मेरे लिए बहुत हैरान करने वाला था।” दिलजीत ने बताया कि आर्यन न सिर्फ गिटार बजा लेता है बल्कि गाना भी अच्छा गा लेता है।

उन्होंने लिखा, “जब मैं गाना रिकॉर्ड कर रहा था तो वो हर नोट को बारीकी से देख रहा था। भगवान उसे आशीर्वाद दें।” ‘तेनू की पता’ के लिरिक्स कुमार ने लिखे हैं और इसे उज्जवल गुप्ता ने कंपोज किया है। गाने में दिलजीत के साथ आर्यन और उज्जवल की भी आवाज है। इस सीरीज के दो और गाने भी रिलीज हो चुके हैं। पहला गाना है ‘बदली सी हवा’ और दूसरे का टाइटल ‘तू पहली तू आखिरी’ है।

गौरतलब है कि आर्यन के डायरेक्शन में बनी वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' 18 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इस सीरीज में लक्ष्य लालवानी और सहर बंबा के मेन रोल हैं। लोगों को यह जोड़ी काफी आकर्षित कर रही है। बॉबी देओल एक ग्रे शेड किरदार में नजर आएंगे, जो कहानी में एक अलग रोमांच जोड़ेंगे। साथ ही मोना सिंह, राघव जुयाल, गौतमी कपूर और मनोज पाहवा जैसे कलाकार भी हैं। सीरीज को आर्यन की मां गौरी खान ने प्रोड्यूस किया है। इसमें बॉलीवुड के ग्लैमर, संघर्ष समेत कई पहलू उजागर होंगे।
अनन्या पांडे ने मालदीव्स से शेयर कीं तस्वीरें, अलग-अलग लुक में आईं नजर

एक्ट्रेस अनन्या पांडे अपनी एक्टिंग के साथ खूबसूरती के कारण भी फैंस के दिलों पर राज करती हैं। वह इन दिनों मालदीवव्स में वेकेशन पर हैं और वहां से लगातार अपनी तस्वीरें शेयर कर रही हैं। उनकी ग्लैमरस ड्रेसिंग, क्यूट स्माइल और ट्रेवल वाइब्स सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। समंदर किनारे रिलैक्स करती अनन्या का स्टाइलिश लुक उन्हें चाहने वालों को खूब पसंद आ रहा है।

वेकेशन मूड में एक्ट्रेस ने कूल अंदाज में पोज दिया। मालदीव्स की सुंदरता के बीच अनन्या ने कैजुअल लुक में पोज दिए। समंदर किनारे रात के नजारों के बीच अनन्या का ग्लैमरस अंदाज कैमरे में कैद हुआ। ब्लैक ड्रेस में वह कहर बरपा रही थीं। धूप और समंदर का मजा लेते हुए अनन्या ने पिंक कलर के स्विमसूट में भी पोज दिया। उनकी ये स्माइल और स्टाइलिश लुक हाइलाइट बन गया। हरियाली के बीच अनन्या ब्ल्यू कलर की शॉर्ट और टॉप में नजर आईं। इस कैजुअल लुक में भी अनन्या कमाल लग रही थीं। समंदर किनारे सनबेड पर बैठकर अनन्या ने बिकिनी में स्टाइलिश पोज दिया।

रिसॉर्ट के बाहर पोज देती अनन्या एलीगेंट नजर आईं। वेकेशन लुक में एक्ट्रेस ने सबका ध्यान खींचा। अनन्या के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह अब ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ में नजर आएंगी। इसमें उनके अपोजिट कार्तिक आर्यन हैं। अनन्या की पिछली फिल्म इसी साल रिलीज हुई ‘केसरी चैप्टर 2’ थी। इसमें उनके साथ अक्षय कुमार और आर. माधवन थे। अनन्या की पर्सनल लाइफ की बात करें तो आदित्य रॉय कपूर से ब्रेकअप के बाद अभी उन्हें नए प्यार की तलाश है।