मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ को चाहने वाले दुनियाभर में मिल जाएंगे। पिछले साल दिलजीत ने देश-विदेश में लाइव कॉन्सर्ट कर सबका दिल जीत लिया और उनकी लोकप्रियता चरम पर पहुंच गई। इस बीच दिलजीत के फैंस के लिए खुशखबरी है। दिलजीत को एमी अवार्ड्स के लिए नॉमिनेट किया गया है। इसकी जानकारी दिलजीत ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दी है। दरअसल साल 2024 में दिलजीत की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इसमें दिलजीत के साथ परिणीति चोपड़ा थीं। हर ओर इस फिल्म के चर्चे हुए और यह काफी पसंद की गई।
नेटफ्लिक्स पर इसने कई रिकॉर्ड भी तोड़े। दिलजीत को इसी के लिए नॉमिनेट किया गया है। दिलजीत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि एमी अवार्ड्स में बेस्ट एक्टर कैटेगरी में उन्हें नॉमिनेट किया गया है। दिलजीत ने लिखा, “ये सिर्फ इम्तियाज अली सर की वजह से हुआ है।” बेस्ट एक्टर कैटेगरी के साथ ‘अमर सिंह चमकीला’ को टीवी मूवी/मिनी सीरीज की कैटेगरी में भी नॉमिनेट किया गया है। फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली हैं। इम्तियाज ने दिलजीत के इंटरेशनल एमी नॉमिनेशन वाले पोस्टर को अपने इंस्टाग्राम के स्टोरी सेक्शन में पोस्ट किया है।
परिणीति ने भी वही पोस्ट शेयर की, जिसे इम्तियाज ने पोस्ट किया था। इस पर परिणीति लिखती हैं, “टीम चमकीला पर गर्व है।” परिणीति ने हैप्पी फेस वाली इमोजी भी साझा की है। फिल्म में पंजाब के एक चर्चित गायक अमर सिंह चमकीला का किरदार दिलजीत ने निभाया था। चमकीला अपने गीतों के लिए पंजाब में मशहूर थे। साल 1988 में गोली मारकर चमकीला की हत्या कर दी गई थी। फिल्म में उनकी पत्नी अमरजोत का रोल परिणीति ने प्ले किया था। वह चमकीला के साथ स्टेज पर साथ गाया करती थीं। फिल्म को लेकर विवाद भी हुआ था। फिल्म में दिलजीत और परिणीति के काम की खूब तारीफ हुई। दिलजीत के वर्कफ्रंट की बात करें तो वे जल्द ही ‘बॉर्डर 2’ में नजर आने वाले हैं। वे फिल्म की शूटिंग में बिजी हैं। हाल ही में उनका एक शेड्यूल पूरा हुआ है।
‘क्रू 2’ के लिए करीना कपूर खान ने दिखाई दिलचस्पी, तब्बू और कृति सेनन…करीना कपूर खान, तब्बू और कृति सेनन की मूवी ‘क्रू’ पिछले साल रिलीज हुई थी। इस फिल्म को काफी सराहना मिली थी। अब रिया कपूर और एकता कपूर निर्मित इस फिल्म से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि फिल्म का दूसरा पार्ट बनने की तैयारी हो रही है। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार ‘क्रू’ की सफलता के बाद एकता-रिया इसका दूसरा पार्ट बनाना चाहती हैं।
इसके सीक्वल को लेकर इंडस्ट्री में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार फिल्म की ओरिजिनल तिकड़ी में से करीना ने ‘क्रू 2’ में दिलचस्पी दिखाई है और वह फिल्म साइन करने से पहले पूरी स्क्रिप्ट सुनना चाहती हैं। टीम फिलहाल शुरुआती तैयारी में जुटी है और सभी इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने को लेकर उत्साहित हैं। अभी यह साफ नहीं है कि कृति और तब्बू इस सीक्वल का हिस्सा होंगी या फिर उनके स्थान पर नई स्टारकास्ट नजर आएगी। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल प्लान तीनों ही अभिनेत्रियों के साथ कहानी आगे ले जाने का है।
करीना की वापसी लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन बाकी कलाकारों को लेकर सस्पेंस बरकरार है। बता दें करीना ने हाल ही एक पोस्ट शेयर कर बताया था कि उन्होंने फिल्ममेकर मेघना गुलजार की फिल्म ‘दायरा’ की शूटिंग शुरू कर दी है। इसमें उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन हैं। कृति के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह जल्द ही 'तेरे इश्क में’ मूवी में नजर आएंगी। कृति ‘कॉकटेल 2’ की शूटिंग भी कर रही हैं।