मशहूर पंजाबी सिंगर व एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों देश के विभिन्न हिस्सों में दिल लुमिनाटी टूर के तहत परफोरमेंस दे रहे हैं। उनके कार्यक्रम में दर्शक जबरदस्त रिस्पोंस दे रहे हैं। दिलजीत ने रविवार (29 दिसंबर) रात गुवाहाटी के सरुसजाई स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में समां बांध दिया। अब उन्होंने इस शो से अपना एक वीडियो शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिलजीत ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को इमोशनल ट्रिब्यूट दिया। दिलजीत ने पूर्व पीएम द्वारा दी गई सीखों को भी याद किया और कहा कि आज के युवाओं को उनकी जिंदगी से प्रेरणा लेनी चाहिए।
बता दें मनमोहन ने 26 दिसंबर की रात दुनिया को अलविदा कह दिया था। दिलजीत ने कहा कि आज का कॉन्सर्ट पूर्व दिवंगत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को समर्पित है। उन्होंने बहुत ही सादा जीवन जीया। उनसे कोई कुछ भी कहता तो वो पलटकर जवाब नहीं देते थे या किसी को बुरा नहीं कहते थे। हालांकि राजनीति जैसे करिअर में ये सबसे मुश्किल काम है। इसके अलावा मनमोहन सिंह पहले सिख थे जिनके साइन भारतीय करेंसी पर छपे थे। जिन पैसों के पीछे पूरी दुनिया भाग रही है, उन पैसों पर उनके दस्तखत हैं।
इस मुकाम तक पहुंच जाना आसान बात नहीं है। ये बात हमें मनमोहन सिंह से सीखनी चाहिए। कोई हमें कितना भी बुरा बोले, हमें हमारे लक्ष्यों से भटकाने की कोशिश करे लेकिन हमें अपने काम पर फोकस बनाए रखना चाहिए। जो भी हमें बुरा कह रहा है, वो भी भगवान का रूप है। सिर्फ आपका टेस्ट हो रहा है कि आप इस पर रिएक्शन कैसे दे रहे हैं। आज का कॉन्सर्ट उनके नाम जिन्होंने अपना पूरा जीवन देशभक्ति में लगा दिया।
दिलजीत ने सुनाई मनमोहन की पसंदीदा शायरी, हजारों जवाबों से मेरी खामोशी अच्छी...दिलजीत ने मनमोहन के शांत और सरल स्वभाव की भी जमकर तारीफें कीं और कहा कि उन्होंने नेगेटिविटी से ऊपर उठकर अपने लक्ष्यों को हासिल किया। दिलजीत ने मनमोहन की पसंदीदा शायरी दोहराते हुए कहा कि हजारों जवाबों से मेरी खामोशी अच्छी, न जाने कितने सवालों की आबरू रखें। दिलजीत ने अप्रैल 2023 में कोचेला वैली म्यूजिक एंड आर्ट्स फेस्टिवल में परफॉर्म किया और यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय कलाकार बन गए।
इसके बाद अप्रैल 2024 में पंजाबी गायक एपी ढिल्लों ने भी इस फेस्टिवल में अपनी प्रस्तुति दी। उल्लेखनीय है कि दिलजीत लंबे समय से अपने टूर के कारण सुर्खियां बटोर रहे हैं। वे देश के अलग-अलग शहरों में अपने गानों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर रहे हैं। हालांकि कुछेक राज्यों में उन्हें विरोध का सामना भी करना पड़ा। उनसे कहा गया कि वे गानों में शराब शब्द का प्रयोग नहीं करें। उनकी इवेंट्स का मजा लेने के लिए शुरुआत में टिकटों की कालाबाजारी भी हुई थी।