'धुरंधर 2' ने तोड़ा 9 साल पुराना रिकॉर्ड, 'बाहुबली 2' के प्रोड्यूसर ने टीम को दी बधाई

आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच तहलका मच गया। रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने के कगार पर है। हाल ही में इसे लेकर सामने आया है कि 'धुरंधर 2' ने नॉर्थ अमेरिका में 'बाहुबली 2: द कंक्लूजन' के 9 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। बॉलीवुड की यह दूसरी फिल्म है जिसने 700 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस मील का पत्थर पार कर लिया है।

बाहुबली 2 के प्रोड्यूसर ने जताई खुशी

वेंकी बॉक्स ऑफिस ने हाल ही में अपडेट दिया कि 'धुरंधर 2' ने नॉर्थ अमेरिका में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाला रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए, 'बाहुबली' फिल्म सीरीज के प्रोड्यूसर शोबू यारलागड्डा ने X पर लिखा: कल मैंने #Dhurandhar2TheRevenge देखी और यह कहना ही बेकार है कि मुझे यह बहुत पसंद आई। फिल्म का हर पल शानदार था! यह देखकर बेहद खुशी हुई कि फिल्म भारत और दुनिया भर में सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है। पूरी टीम को मेरी तरफ से बधाई!
नॉर्थ अमेरिका में धुरंधर 2 की कमाई

नॉर्थ अमेरिका में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में सबसे पहले स्थान 'बाहुबली 2' का था, जिसने $20 मिलियन से अधिक की कमाई की थी। बॉक्स ऑफिस मोजो के अनुसार, अब तक 'धुरंधर 2' ने $19.33 मिलियन की कमाई की है। पिछले रिकॉर्ड के मुताबिक बाहुबली 2 ने $20.19 मिलियन कमाए थे। हालांकि, दर्शकों की बढ़ती संख्या के साथ यह अनुमान लगाया जा रहा है कि 'धुरंधर 2' जल्द ही नया रिकॉर्ड कायम कर सकती है।

10 दिनों में धुरंधर 2 का कलेक्शन


रिलीज के 10वें दिन, 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने 18,820 शो में 62.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 930.44 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन 778.77 करोड़ हो गया। विदेशों में फिल्म ने 296.00 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया, जिससे कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,226.44 करोड़ तक पहुंच गया है।