बैन के बाद भी पाकिस्तान में लीक हुई ‘धुरंधर 2’, धड़ल्ले से देख रहे दर्शक रणवीर सिंह की फिल्म

निर्देशक आदित्य धर की बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर 2 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होते ही चर्चा का केंद्र बन गई। फिल्म के पेड प्रीव्यू 18 मार्च को आयोजित किए गए थे और पहले ही दिन से इसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। लेकिन इस सफलता के बीच एक चौंकाने वाली खबर ने फिल्म के मेकर्स को चिंता में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि फिल्म रिलीज के तुरंत बाद ही इसका पायरेटेड वर्जन पाकिस्तान में लीक हो गया है।

पाकिस्तान में लीक हुआ पायरेटेड वर्जन

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने ऐसे स्क्रीनशॉट और तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें पाकिस्तान में इस फिल्म को देखा जा रहा है। ‘धुरंधर’ से जुड़े रिसर्च कंसल्टेंट पत्रकार आदित्य राज कौल ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एक पाकिस्तानी पत्रकार की पोस्ट को रीशेयर किया। उन्होंने लिखा कि “दुख की बात है कि ‘धुरंधर – द रिवेंज’ का पायरेटेड वर्जन रिलीज के दिन ही पाकिस्तान में उपलब्ध हो गया।”

उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा का प्रभाव इतना गहरा है कि लोग इसे देखने से खुद को रोक नहीं पाते, चाहे फिल्म का विषय कुछ भी क्यों न हो। इस पूरे मामले ने फिल्म इंडस्ट्री में पायरेसी की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
रिलीज से पहले ही फैलने लगे थे क्लिप्स

पायरेसी की यह खबर सामने आने से पहले ही सोशल मीडिया पर फिल्म के कुछ सीन और तस्वीरें वायरल होने लगी थीं। इस पर चिंता जताते हुए डायरेक्टर आदित्य धर ने दर्शकों से खास अपील की थी कि वे किसी भी तरह के स्पॉइलर ऑनलाइन शेयर न करें। उन्होंने कहा था कि यह फिल्म सिर्फ एक मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव है जिसे बड़े पर्दे पर ही महसूस किया जाना चाहिए।

आदित्य धर ने अपने संदेश में दर्शकों से यह भी आग्रह किया कि वे फिल्म के हर पल को सिनेमाघर में एंजॉय करें और इसके ट्विस्ट को खुद महसूस करें। उन्होंने यहां तक कहा कि फिल्म के अंत तक, यानी क्रेडिट्स खत्म होने तक सीट से न उठें, जिससे आगे आने वाली कहानी के संकेत मिल सकते हैं।

बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत

इन सभी विवादों के बावजूद धुरंधर 2 का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन शानदार बना हुआ है। दर्शकों को फिल्म की स्टार कास्ट, बैकग्राउंड म्यूजिक और निर्देशन काफी पसंद आ रहा है।

फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर करीब 145.55 करोड़ रुपये की कमाई कर इतिहास रच दिया है। इसी के साथ यह बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनर फिल्मों में शामिल हो गई है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में भी इसकी कमाई का सिलसिला जारी रहेगा और यह नए रिकॉर्ड बना सकती है।