18 साल बाद टूटा रिश्ता, धनुष और ऐश्वर्या हुए अलग, दोनों की पोस्ट वायरल

सुपरस्टार रजनीकांत (Rajinikanth) की बेटी ऐश्वर्या (Aishwarya) और उनके पति व दिग्गज अभिनेता धनुष (Dhanush) ने सोमवार (17 जनवरी) की रात को अपने फैंस को चौंका दिया। दोनों सेलेब्रिटीज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना रिश्ता टूटने की जानकारी दी।धनुष और ऐश्वर्या को साउथ का पावर कपल माना जाता था। ऐसे में दोनों के अलग होने की खबर से फैंस को तगड़ा झटका लगा है।

धनुष ने ट्विटर पर एक लंबा नोट साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अलग होने का फैसला किया है। इस पोस्ट में धनुष ने लिखा है, '18 साल का साथ, दोस्ती, कपल, पैरेंट्स और एक दूसरे के शुभचिंतक बन हमने एक ग्रोथ, समझदारी, साझेदारी का सफर तय किया था। आज हम वहां खड़े हैं, जहां से हमारी राहें जुदा हो रही हैं। ऐश्वर्या और मैंने अलग होने का फैसला लिया है। हम एक दूसरे से अलग होकर खुद की तलाश करेंगे। कृपया हमारे फैसले का सम्मान करें और हमारी प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए हमें इससे डील करने दें।'

ऐश्वर्या ने इंस्टाग्राम पर इसी तरह का एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- कैप्शन की कोई जरूरत नहीं है...सिर्फ आपकी समझ और आपके प्यार की जरूरत!

बता दें, धनुष और सुपरस्टार रजनीकांत की सबसे बड़ी बेटी ऐश्वर्या की शादी 18 नवंबर 2004 को हुई थी। इन दोनों के दो बेटे हैं जिनका नाम लिंगा और यात्रा राजा है। ऐश्वर्या एक्टिंग की दुनिया से दूर हैं। वो एक फेमस डायरेक्टर हैं। धनुष ने ऐश्वर्या के डायरेक्शन में बनी पहली फिल्म '3' में काम किया है। इन फिल्म का गाना 'कोलावेरी डी' 2011 का सबसे बड़ा हिट सॉन्ग था।