‘धड़क 2’: साउथ की इस सुपरहिट फिल्म का है हिंदी रीमेक, जिसने कम बजट में मचाया था धमाल, जीत लिए थे 12 बड़े अवॉर्ड

धर्मा प्रोडक्शन की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'धड़क 2' का ट्रेलर बीते दिन रिलीज हुआ और आते ही दर्शकों के दिलों में उतर गया, जिसमें सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी के बीच गहरी और इमोशनल लव स्टोरी देखने को मिली। ट्रेलर देखकर ऐसा लग रहा है जैसे इस कहानी में प्यार सिर्फ इश्क नहीं बल्कि एक जंग है। फिल्म के ट्रेलर में प्रेम की थीम अगर मरना या लड़ना हो तो हमेशा लड़ने का ऑप्शन चुनना चाहिए ने लोगों की भावनाओं को छू लिया है। यह पहली बार है जब सिद्धांत और तृप्ति किसी फिल्म में साथ नजर आ रहे हैं, और फैंस ट्रेलर देखकर इनकी केमिस्ट्री से काफी इम्प्रेस दिखाई दे रहे हैं।

लेकिन अब जो जानकारी सामने आई है, उसने कई सिनेप्रेमियों को चौंका दिया है। दरअसल ‘धड़क 2’ साउथ की 2018 में आई बेहद संवेदनशील और प्रभावशाली फिल्म ‘परियेरुम पेरुमल’ का हिंदी रीमेक है, जो अपने समय की एक स्लीपर हिट साबित हुई थी और समाज को झकझोरने वाली कहानी के लिए जानी जाती है।

2018 में रिलीज हुई तमिल भाषा की यह फिल्म, जिसे मारी सेल्वराज ने डायरेक्ट किया और पीए रंजीत ने प्रोड्यूस, ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि समाज के उस कड़वे सच को उजागर किया जिससे आज भी कई युवा जूझ रहे हैं। फिल्म में काथिर और आनंदी लीड रोल में थे, जिनकी दमदार परफॉर्मेंस ने दर्शकों को भावुक कर दिया था। योगी बाबू और जी मारीमुत्थू ने सपोर्टिंग रोल में गहरी छाप छोड़ी।
फिल्म की कहानी अनुसूचित जाति के एक लॉ स्टूडेंट परियेरुम परियन की है, जो ऊंची जाति की एक लड़की ज्योति से दिल लगा बैठता है। लेकिन समाज की जंजीरों में जकड़े इस प्यार को मंजूरी नहीं मिलती और ज्योति का परिवार दोनों को अलग करने की हर मुमकिन कोशिश करता है। यही टकराव फिल्म की आत्मा बन जाता है।

बता दें कि इस दमदार फिल्म को सिर्फ 1.85 करोड़ रुपये में बनाया गया था, लेकिन इसके प्रभाव ने बॉक्स ऑफिस पर इसे 5.5 करोड़ की कमाई तक पहुंचा दिया। यह फिल्म धीरे-धीरे लोगों के बीच ऐसी गूंजी कि आज तक इसे 12 प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिल चुके हैं – जिनमें बेस्ट तमिल फीचर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर से लेकर बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर जैसे सम्मान भी शामिल हैं। फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद अब प्राइम वीडियो पर भी स्ट्रीम हो रही है, जहां इसे नई पीढ़ी भी बेहद सराह रही है।

गौर करने वाली बात ये है कि शजिया इकबाल के निर्देशन में और करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही ‘धड़क 2’, असल में 2018 में आई 'धड़क' का सीक्वल है, जो मराठी फिल्म ‘सैराट’ का रीमेक थी। ऐसे में 'धड़क 2' पर दर्शकों की उम्मीदें बहुत ज्यादा हैं। यह फिल्म 1 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और एक बार फिर से एक गहरे सामाजिक मुद्दे को बड़े पर्दे पर उठाएगी।