2 News : अब दीपिका देंगी बच्चों को टिप्स, शेयर किया वीडियो, आयुष्मान ने सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर दिया यह मैसेज

देश में इस समय बच्चों की परीक्षा का सीजन है। जल्द ही हर क्लास की परीक्षा शुरू होने वाली है। ऐसे में बच्चों में तनाव का स्तर बढ़ता ही जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (10 फरवरी) को ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 8वें एडिशन के दौरान देशभर के छात्रों से बातचीत कर उन्हें मोटिवेट किया। अब इसके दूसरे एपिसोड में एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण स्टूडेंट्स से मिलने वाली हैं। आज इसका टीजर रिलीज किया गया, जिसे दीपिका ने अपने इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया है। टीजर में दीपिका अपने स्कूल के दिनों के बारे में खुलकर बात करती दिख रही हैं।

उन्होंने कई स्टूडेंट्स से बातचीत की और अपने डिप्रेशन के बारे में भी बताया। दीपिका ने बताया कि मेंटल हेल्थ आपके जीवन में बाकी के पहलूओं पर कैसे असर डालती है। दीपिका ने कहा कि मैं बचपन में काफी शरारती थीं और अक्सर सोफे, टेबल और कुर्सियों पर चढ़कर उछलकूद करती थीं। कभी-कभी हम बहुत तनाव में आ जाते हैं। जैसे मैं गणित में बहुत कमजोर थी और आज भी हूं। लेकिन जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपनी किताब 'एग्जाम वॉरियर्स' में लिखा है, एक्सप्रेस, नेवर सप्रेस यानी हमेशा अपनी भावनाओं को व्यक्त करें, उन्हें दबाएं नहीं।

इसलिए हमेशा अपने दोस्तों, परिवार, माता-पिता और शिक्षकों से खुलकर बात करें। दीपिका ने छात्रों को जर्नलिंग यानी डायरी लिखने की आदत डालने की भी सलाह दी, जिससे वे अपने विचार और भावनाएं बेहतर तरीके से व्यक्त कर सकें। दीपिका ने कैप्शन में लिखा, “परीक्षा पे चर्चा अपने 8वें वर्जन के साथ वापस आ गई है! और इस बार हम मेंटल हेल्थ पर चर्चा करेंगे। इस मुद्दे को लेकर कमिटमेंट के लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करती हूं। मैं हमारे एपिसोड को लॉन्च करने के लिए उत्सुक हूं।”

साथ ही दीपिका ने इंस्टा स्टोरी पर लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद कि आपने मेंटल हेल्थ पर अपने इस कमिंटमेंट को पूरा किया। मैं इस एपिसोड को लॉन्च करने के लिए काफी एक्साइटेड हूं।” उल्लेखनीय है कि दीपिका लंबे समय तक डिप्रेशन की शिकार रही थीं। दीपिका की शादी साल 2018 में एक्टर रणवीर सिंह के साथ हुई थी। दीपिका ने पिछले साल सितंबर में बेटी दुआ का स्वागत किया। दीपिका की पिछली फिल्म ‘सिंघम अगेन’ थी।
आयुष्मान खुराना ने मिलाया यूनिसेफ इंडिया से हाथ, शेयर किया वीडियो

अभिनेता आयुष्मान खुराना ने आज मंगलवार (11 फरवरी) को सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए यूनिसेफ इंडिया से हाथ मिलाया है। आयुष्मान ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया। इसमें वह बच्चों के एक समूह के साथ ऑनलाइन दुनिया को बेहतर ढंग से समझने के लिए बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता बच्चों के साथ डिजिटल सुरक्षा के विषय पर शिक्षाप्रद और आकर्षक गेम खेलते हुए भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे बच्चों के लिए इंटरनेट सुरक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ रही है।

आयुष्मान ने क्लिप शेयर करते हुए लिखा, “आज #SaferInternetDay है और मैंने ऑनलाइन दुनिया के बारे में अधिक जानने के लिए बच्चों के इस अद्भुत समूह से मिलने के लिए यूनिसेफ इंडिया के साथ मिलकर काम किया है। आइए देखें कि वे क्या कहते हैं... आयुष्मान ने इंटरनेट सुरक्षा को लेकर कहा कि आज की दुनिया में 5-6 साल के बच्चों से लेकर बड़े लोग तक सभी उम्र के लोग अपनी सुविधा और सहूलियत के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं।

ऐसी परिस्थितियों में पहली बार इंटरनेट का उपयोग करने वाले बच्चों को इंटरनेट के खतरों के साथ-साथ ऑनलाइन सुरक्षित रहने के तरीकों के बारे में शिक्षित करना बहुत महत्वपूर्ण है। इस वर्ष सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर मैंने यूनिसेफ के साथ PRATYeK नामक एक एनजीओ का दौरा किया, जहां बच्चों के साथ-साथ मैंने भी इंटरनेट के कुछ महत्वपूर्ण सुरक्षा नियमों के बारे में सीखा।

मैं ऑनलाइन सुरक्षा और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के बारे में जागरूकता बढ़ाना चाहता हूं। आयुष्मान के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे अब हॉरर-कॉमेडी मूवी ‘थामा’ में दिखाई देंगे। इसमें रश्मिका मंदाना, परेश रावल और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी हैं। फिल्म दिवाली पर 17 नवंबर को रिलीज होगी।