दीपिका-रणवीर ने पीवी सिंधु के साथ किया डिनर, मुंबई में रेस्टोरेंट के बाहर स्पॉट हुए तीनों सितारे

एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण और उनके पति एक्टर रणवीर सिंह को शनिवार रात बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु के साथ मुंबई के एक फेमस रेस्टोरेंट के बाहर स्पॉट किया गया। वे डिनर करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने पैपराजी के लिए पोज भी दिए। दीपिका ने साटन फुल स्लीव्स टॉप और ब्लैक प्लाजो पहना हुआ था तो सिंधु ने व्हाइट डीप नेक ड्रेस कैरी की थी। रणवीर ने एक कैजुअल, अंडरवाटर थीम वाली शर्ट और पैंट पहनी हुई थी। रणवीर ने मास्क भी लगाया हुआ था, जबकि दीपिका-सिंधु बगैर मास्क के थीं।


सोलो फोटोशूट पर दीपिका ने कहा…

जब दोनों स्टार पोज दे रही थीं, तब पैपराजी ने दीपिका से सोलो फोटोशूट के लिए कहा। इस पर दीपिका ने साफ कर दिया कि वे सिंधु के बगैर कोई भी पोज नहीं देंगी। उल्लेखनीय है कि सिंधु ने पिछले महीने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। वे लंदन ओलंपिक में रजत जीतने में सफल रही थीं। आपको बता दें कि दीपिका के पिता प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन स्टार थे और खुद एक्ट्रेस भी खिलाड़ी रही हैं।


Video : दीपिका-रणवीर ने फोटोग्राफर से कहा अपनी चप्पल ले लो…

दीपिका, रणवीर व सिंधु की मुलाकात का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर छाया है, लेकिन चर्चा में इस बार फोटोग्राफर्स की चप्पल है। वीडियो में दीपिका व सिंधु रेस्टोरेंट से बाहर निकलती दिखीं। उनके साथ रणवीर भी थे। दीपिका और रणवीर ने पहले सिंधु को उनकी कार में बिठाया और फिर उनकी नजर भीड़ में पड़ी चप्पल पर पड़ गई। दीपिका फोटोग्राफर्स से बार-बार कहने लगीं- आप अपनी चप्पल तो ले लो। फोटोग्राफर ने कहा-मेरी नहीं है। इस पर दीपिका कहने लगीं- आपकी ही है। फिर फोटोग्राफर्स ने कहा कि हम लोग बाद में ले लेंगे। इसके बाद रणवीर ने भी फोटोग्राफर्स से यही कहा-अरे भाई चप्पल तो ले लो।