श्रीदेवी की Birth Anniversary : बेटी जाह्नवी और खुशी ने भावुक हो सोशल मीडिया पर ऐसे दी श्रद्धांजलि

दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी को बॉलीवुड की पहली लेडी सुपरस्टार माना जाता था। वे साल 2018 में इस दुनिया को अलविदा कहकर चली गई थीं। श्रीदेवी उस समय एक फैमिली वेडिंग अटेंड करने के लिए दुबई गई हुई थीं। आज शुक्रवार को 13 अगस्त को श्रीदेवी की 57वीं बर्थ एनिवर्सरी पर उन्हें चाहने वाले याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर ने एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है। जाह्नवी ने सोशल मीडिया पर श्रीदेवी के साथ बचपन की एक फोटो डाली है, जिसमें दोनों मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं। जाह्नवी ने लिखा- हैप्पी बर्थडे मम्मा। मैं आपको बहुत मिस करती हूं। सब कुछ आपके लिए है, हमेशा और रोज। आई लव यू। जाह्नवी की पोस्ट को लाखों लोग लाइक कर चुके हैं। कई सेलेब्स ने कमेंट किया। अभिनेता संजय कपूर की पत्नी महीप कपूर ने हार्ट पोस्ट किए।

श्रीदेवी के निधन के बाद रिलीज हुई थी जाह्नवी की ‘धड़क’

श्रीदेवी की छोटी बेटी खुशी कपूर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर बोनी कपूर और श्रीदेवी की फोटो डाली। उन्होंने लिखा- मैं आपको रोज मिस करती हूं। श्रीदेवी की डेथ एनिवर्सरी पर भी जाह्नवी ने अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं। उन्होंने श्रीदेवी के द्वारा लिखा एक लेटर शेयर किया था। इसमें लिखा था- मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं लब्बू, तुम दुनिया में बेस्ट बेबी हो। आपको बता दें कि जाह्नवी ने अपना एक्टिंग डेब्यू फिल्म धड़क से किया था। फिल्म श्रीदेवी के निधन के कुछ समय बाद रिलीज हुई थी।

श्रीदेवी की अंतिम फिल्म थी मॉम, पहली फिल्म…

श्रीदेवी की आखिरी फिल्म 2017 में आई मॉम थी, जिसके लिए उन्हें मरणोपरांत सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को तमिलनाडु के शिवकाशी के पास मीनामपट्टी गांव में हुआ था। श्रीदेवी ने चार साल की उम्र में ही अपना एक्टिंग डेब्यू कर लिया था। हिंदी सिनेमा में उन्होंने साल 1978 में आई फिल्म ‘सोलवा सावन' में एक्टर अमोल पालेकर के अपोजिट मुख्य किरदार निभाया था।

उनकी पहली सुपरहिट फिल्म साल 1983 में आई ‘हिम्मतवाला' थी। दर्शकों को जितेंद्र-श्रीदेवी की जोड़ी खूब पसंद आई। साल 1997 में आई फिल्म ‘जुदाई' के बाद वे 15 साल तक बड़े पर्दे से दूर हो गई थीं। श्रीदेवी ने साल 2012 में ‘इंग्लिश विंग्लिश' के साथ वापसी की। श्रीदेवी ने 1996 में बोनी कपूर से शादी की थी।