14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद, रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। खास बात यह है कि ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की हाई-ऑक्टेन फिल्म ‘वॉर 2’ के साथ क्लैश के बावजूद, रजनीकांत स्टारर फिल्म ने टिकट खिड़कियों पर अपनी मजबूती दिखाई। हालांकि स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी के बाद शनिवार को ‘कुली’ की कमाई में थोड़ा झटका लगा, लेकिन पहले संडे यानी रिलीज के चौथे दिन भी फिल्म ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा। आइए जानते हैं इस दिन फिल्म ने कितना कमाया।
चौथे दिन ‘कुली’ की कमाई
शानदार ओपनिंग के बाद, रजनीकांत की ‘कुली’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी है। फिल्म को आलोचकों से मिले-जुले रिव्यू मिले, लेकिन इसके बावजूद यह दर्शकों को खूब भा रही है और बॉक्स ऑफिस पर भारी कमाई कर रही है। बता दें कि फिल्म ने सिर्फ तीन दिनों में 159 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर 2025 की सबसे बड़ी कमाई करने वाली कॉलीवुड फिल्म का खिताब हासिल कर लिया।
सबसे रोचक तथ्य यह है कि ‘कुली’ ने अपनी शुरुआत में ही ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की ‘वॉर 2’ को लगभग 15–20 करोड़ रुपये की बढ़त दे दी थी। शनिवार को कमाई में गिरावट आई, लेकिन रविवार को भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। अब तक के कलेक्शन की बात करें तो:
पहला दिन: 65 करोड़ रुपये
दूसरा दिन: 15.77% की गिरावट के साथ 54.75 करोड़ रुपये
तीसरा दिन: 27.85% की गिरावट के साथ 39.5 करोड़ रुपये
चौथा दिन (रविवार): 35 करोड़ रुपये
इन आंकड़ों के साथ, ‘कुली’ की चार दिनों की कुल कमाई अब 194.25 करोड़ रुपये हो गई है।
हालांकि ओपनिंग वीकेंड पर फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई, इसके बावजूद ‘कुली’ ने बंपर कलेक्शन किया। संडे के दिन 194.25 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह 200 करोड़ के आंकड़े से सिर्फ 5.75 करोड़ रुपये दूर रह गई। उम्मीद है कि सोमवार को फिल्म यह आंकड़ा पार कर नए रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लेगी।
कुली फिल्म की पूरी जानकारीलोकेश कनगराज द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रजनीकांत मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा नागार्जुन, श्रुति हासन, उपेंद्र, सौबिन शाहिर और सत्यराज भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देते हैं। आमिर खान फिल्म में कैमियो के रूप में नजर आए। आलोचकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद, दर्शक और फैंस फिल्म को खूब सराह रहे हैं।