'कॉकटेल 2' की रफ्तार बरकरार, 12वें दिन कमाई में आया उछाल; 100 करोड़ क्लब से अब बस कुछ कदम दूर

निर्देशक होमी अदजानिया की फिल्म 'कॉकटेल 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना अभिनीत इस रोमांटिक ड्रामा को नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। यही वजह है कि फिल्म की कमाई लगातार बढ़ रही है। खास बात यह रही कि रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को फिल्म ने उम्मीद से बेहतर कारोबार करते हुए अपनी कमाई में फिर तेजी दर्ज की। ऐसे में अब फिल्म तेजी से 100 करोड़ रुपये के क्लब की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।

12वें दिन भी कायम रही कमाई की रफ्तार

'कॉकटेल 2' ने रिलीज के पहले दिन डबल डिजिट कलेक्शन के साथ शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद पहले वीकेंड में फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले शनिवार 16.25 करोड़ रुपये और पहले रविवार 17.75 करोड़ रुपये की दमदार कमाई दर्ज की। शुरुआती सप्ताह के बाद भले ही कलेक्शन में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद फिल्म पहले सप्ताह में कुल 70.50 करोड़ रुपये का कारोबार करने में सफल रही।

दूसरे सप्ताहांत में भी फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 4 करोड़ रुपये कमाए, जबकि दूसरे शनिवार इसका कलेक्शन 4.25 करोड़ रुपये और दूसरे रविवार 4.40 करोड़ रुपये रहा। इसके बाद दूसरे सोमवार को कमाई घटकर 1.75 करोड़ रुपये रह गई थी। हालांकि दूसरे मंगलवार को फिल्म ने फिर से रफ्तार पकड़ ली और कारोबार में हल्का उछाल दर्ज किया।

सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, 'कॉकटेल 2' ने रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को लगभग 1.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन बढ़कर 86.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
साल 2026 की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म

86.75 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ 'कॉकटेल 2' ने वर्ष 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों की सूची में पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। फिल्म ने 'ओ' रोमियो' के 83.35 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि चौथे स्थान तक पहुंचना इसके लिए काफी मुश्किल माना जा रहा है, क्योंकि इस पायदान पर मौजूद 'भूत बंगला' का लाइफटाइम कलेक्शन 199.23 करोड़ रुपये है, जो काफी बड़ा अंतर है। दूसरी ओर, अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' भी तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है और उसने महज पांच दिनों में ही 81 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है, जिससे आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस की रैंकिंग में बदलाव देखने को मिल सकता है।

अब 100 करोड़ क्लब में एंट्री पर निगाहें


भले ही 'कॉकटेल 2' के लिए साल की चौथी सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म बनना फिलहाल आसान नहीं दिख रहा हो, लेकिन 100 करोड़ क्लब में शामिल होने की संभावना काफी मजबूत नजर आ रही है। फिल्म की मौजूदा कमाई और दर्शकों के अच्छे रिस्पॉन्स को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि तीसरे वीकेंड में इसका कारोबार एक बार फिर रफ्तार पकड़ सकता है। फिलहाल फिल्म 86.75 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और 100 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए इसे लगभग 14 करोड़ रुपये की और जरूरत है। यदि मौजूदा ट्रेंड जारी रहता है, तो आने वाले दिनों में यह उपलब्धि हासिल करना फिल्म के लिए मुश्किल नहीं माना जा रहा।