2 News : जानी मास्टर से सरकार ने वापस लिया नेशनल अवार्ड, अनिरुद्धाचार्य महाराज ने सलमान को भेंट की गीता

मशहूर कोरियोग्राफर जानी मास्टर (42) 19 सितंबर से रेप के आरोप में जेल में हैं। उन्हें जल्द ही फिल्म ‘थिरुचित्राम्बलम’ के गाने 'मेघम करुक्कथा' के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का नेशनल अवार्ड मिलने वाला था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन पर लगे POCSO चार्जेज के चलते भारत सरकार ने उनका अवार्ड वापस ले लिया है। पहले जानी को 8 अक्टूबर को होने वाले पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत मिली थी, लेकिन अब सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनका अवार्ड और इवेंट का इनविटेशन वापस ले लिया है।

अब जानी को उस फंक्शन में शामिल होने की इजाजत भी नहीं है। दरअसल शुक्रवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सेल ने इस संबंध में एक बयान जारी किया। डिप्टी डायरेक्टर इंद्राणी बोस ने लिखा, “चूंकि आरोप गंभीर हैं और मामला कोर्ट में है इसलिए श्री शेख जानी का 2022 के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार निलंबित करने का फैसला लिया गया है।”

बता दें कि जानी को 19 सितंबर को गोवा में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें हैदराबाद लाया गया था और अदालत में पेश किया। इसके बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बता दें, जानी की एक महिला असिस्टेंट कोरियोग्राफर ने दावा किया है कि साल 2020 में मुंबई में एक वर्क जर्नी के दौरान उन्होंने उसका यौन उत्पीड़न किया था। साथ ही धमकी दी कि वह इस बारे में किसी को नहीं बताए।

‘बिग बॉस 18’ में कंटेस्टेंट्स को आशीर्वाद देने पहुंचे अनिरुद्धाचार्य महाराज

टीवी की दुनिया के सबसे विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के 18वें सीजन का आज रविवार (6 अक्टूबर) को प्रीमियर है। कई प्रोमो रिलीज किए जा चुके हैं। शो को एक बार फिर सुपरस्टार सलमान खान ही होस्ट करेंगे। शो के सेट से हाल ही में सलमान की एक फोटो सामने आई है, जो ‘बिग बॉस’ के फैन पेज से शेयर की गई है।

फोटो में सलमान और अनिरुद्धाचार्य महाराज साथ में पोज देते दिख रहे हैं। अनिरुद्धाचार्य एक्टर को भगवत गीता गिफ्ट कर रहे हैं। इस फोटो के कैप्शन में लिखा है, “शो और कंटेस्टेंट्स को आशीर्वाद देने श्री अनिरुद्धाचार्य महाराज बिग बॉस 18 के सेट पर पहुंचे। महाराजजी ने सलमान खान को भगवत गीता भेंट की।” इस तस्वीर को खुद अनिरुद्धाचार्य ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शनिवार को शेयर किया।

आध्यात्मिक गुरु ने कैप्शन में लिखा, बिग बॉस 18 के सेट पर, मैंने सलमान खान को गीता भेंट की और साथ ही घर के अंदर जाने वाले सभी सदस्यों को आशीर्वाद दिया...कल कलर्स टीवी चैनल पर रात 9 बजे अवश्य देखें।” पहले कई ऑनलाइन रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि अनिरुद्धाचार्य शो में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि अनिरुद्धाचार्य कुछ समय पहले कलर्स टीवी के ही रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स’ में भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने सभी कंटेस्टेंट्स को आशीर्वाद देने के साथ हास्य रस का आनंद लिया।