विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की ऐतिहासिक एक्शन फिल्म 'छावा' ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त तहलका मचा दिया है। 2025 में रिलीज़ हुई यह फिल्म मराठा साम्राज्य के वीर योद्धा छत्रपति सम्भाजी महाराज के जीवन पर आधारित है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र थे। विक्की कौशल ने सम्भाजी महाराज की भूमिका में जान डाल दी है। यह फिल्म शिवाजी सावंत के प्रसिद्ध मराठी उपन्यास 'छावा' का रूपांतरण है, जिसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है।
'छावा' की ऐतिहासिक कमाईफिल्म ने पहले दिन से ही सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की थी और 31 करोड़ की ओपनिंग के साथ बंपर कमाई की थी। 17वें दिन भी इसकी कमाई में कोई खास गिरावट नहीं आई और फिल्म ने 25 करोड़ रुपये बटोर लिए। 16वें दिन (शनिवार) को यह कलेक्शन 22 करोड़ के करीब रहा, जो तीसरे वीकेंड के हिसाब से शानदार है। देसी बॉक्स ऑफिस पर 'छावा' अब तक 459.50 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने छुआ 620 करोड़ का आंकड़ाअगर ग्लोबल बॉक्स ऑफिस की बात करें, तो फिल्म ने 19 दिनों में 594.50 करोड़ की कमाई कर ली थी। वहीं, विदेशों में इसने शनिवार तक 75 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। रविवार को कुल मिलाकर फिल्म ने 620 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन पार कर लिया।
'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव' की धीमी रफ्तार, अब तक सिर्फ 1.82 करोड़ की कमाईरीमा कागती द्वारा निर्देशित 'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव' को भले ही क्रिटिक्स से सराहना मिली हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह कोई खास कमाल नहीं दिखा पा रही है। यह फिल्म मालेगांव के उन युवाओं की सच्ची कहानी पर आधारित है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद पैरोडी फिल्में बनाकर अपने शहर में एक मिनी फिल्म इंडस्ट्री खड़ी कर दी थी। हालांकि, दर्शकों से इसे ठंडी प्रतिक्रिया मिल रही है। अब तक फिल्म ने सिर्फ 1.82 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। वहीं, इसके पहले संडे को यह महज 0.63 करोड़ रुपये ही कमा पाई।
'क्रेजी' ने संडे को की 1.50 करोड़ की कमाईगिरीश कोहली की फिल्म 'क्रेजी' भी हाल ही में रिलीज़ हुई, जिसमें सोहम शाह, निमिषा सजयन, टीनू आनंद, शिल्पा शुक्ला, और उन्नति खुराना मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी डॉक्टर अभिमन्यु सूद (सोहम शाह) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक बेहतरीन सर्जन है। लेकिन एक सर्जरी के दौरान टीनेज मरीज की मौत हो जाती है और उस पर मेडिकल नेग्लिजेंस का आरोप लगता है। इसके बाद अभिमन्यु केस को आउट ऑफ कोर्ट सेटलमेंट करने के लिए 5 करोड़ रुपये देने को तैयार होता है, लेकिन बीच में कई ट्विस्ट आ जाते हैं। फिल्म की कहानी अनोखी होने के कारण इसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। 'क्रेजी' ने पहले संडे को 1.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और अब तक इसकी कुल कमाई 3.85 करोड़ रुपये हो चुकी है।