2 News : ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के Kissing Scene पर कैंची! इस फिल्म से सामने आया अक्षय का फर्स्ट लुक

एक्टर वरुण धवन और एक्ट्रेस जान्हवी कपूर की फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज है। अब उनका इंतजार खत्म होने को है। फिल्म 2 अक्टूबर को दशहरा पर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस बीच फिल्म केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने इसे यू/ए सर्टिफिकेट दिया है। CBFC की ऑफिशियल रिपोर्ट के अनुसार फिल्म को केवल दो बदलावों के साथ मंजूरी दी गई है। सबसे जरूरी बदलाव लीड स्टार्स के बीच लिप-लॉक सीन था, जिसकी ड्यूरेशन को कम किया गया है। जांच समिति ने मेकर्स से वरुण और जान्हवी के किसिंग सीन को 60% तक छोटा करने का अनुरोध किया, क्योंकि मूल कट में यह सीन लंबा था।

हालांकि ये काफी आम अनुरोध है। अक्सर फैमिली ड्रामा वाली फिल्मों में इस तरह के कट लग ही जाते हैं। दूसरा बदलाव ये है कि फिल्म में जहां भी ‘गार्ड’ शब्द आता है, उसे म्यूट करवाया गया है। हालांकि सटीक संदर्भ स्पष्ट नहीं है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि इस शब्द का इस्तेमाल किसी दोहरे अर्थ वाले मजाक में किया गया होगा। मेकर्स को मानक शराब-विरोधी चेतावनी स्लेट भी जोड़नी होगी। इन बदलावों के लागू होने के बाद फिल्म को ऑफिशियली तौर पर U/A 13+ सर्टिफिकेट दिया गया है। फिल्म का फाइनल रनटाइम 2 घंटे 15 मिनट और 45 सैकंड है। फिल्म का डायरेक्शन शशांक खेतान ने किया है, जो इससे पहले भी वरुण और जान्हवी के साथ काम कर चुके हैं।

फिल्म में सान्या मल्होत्रा, रोहित सराफ, मनीष पॉल और अक्षय ओबेरॉय जैसे कलाकार भी हैं। वरुण और जान्हवी इससे पहले साल 2023 में आई फिल्म ‘बवाल’ में साथ काम कर चुके हैं। SSKTK फिल्म की एडवांस बुकिंग सोमवार से शुरू हो गई है। अब तक 9200 टिकट की सेल नेशनल चेन में हो चुकी है। ट्रेड एक्सपर्ट के मुताबिक इस फिल्म के रिलीज से पहले 50000 टिकट की सेल हो जाएगी जबकि फिल्म की ओपनिंग का अनुमान 10.50 से 12.50 करोड़ रुपए का लगाया गया है।
‘महाकाली’ फिल्म के माध्यम से अक्षय खन्ना कर रहे तेलुगु सिनेमा में एंट्री

दिवंगत दिग्गज एक्टर विनोद खन्ना के बेटे अक्षय पिछले कुछ सालों से चुनींदा फिल्में ही कर रहे हैं। ऐसे में फैंस को उनकी हर फिल्म का इंतजार रहता है। इस बीच फिल्म निर्माता प्रशांत वर्मा ने मंगलवार (30 सितंबर) को अपनी आगामी तेलुगु फिल्म 'महाकाली' से अक्षय का पहला लुक जारी किया। इस पोस्टर में अक्षय एक रहस्यमयी और शक्तिशाली अवतार में नजर आ रहे हैं, जहां उन्हें पहचानना भी मुश्किल है। वे फिल्म में ‘असुरगुरु शुक्राचार्य’ की भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ अक्षय तेलुगु सिनेमा में डेब्यू कर रहे हैं। अक्षय की पिछली फिल्म इसी साल मार्च में रिलीज हुई ‘छावा’ थी।

इसमें उन्होंने मुगल शासक औरंगजेब की भूमिका निभाई थी। इससे अक्षय को जबरदस्त लोकप्रियता हासिल हुई थी। ‘महाकाली’ के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर अक्षय का फर्स्ट लुक साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “देवताओं की छाया में विद्रोह की सबसे प्रखर ज्वाला उठी। महाकाली से शाश्वत ‘असुरगुरु शुक्राचार्य’ के रूप में रहस्यमयी अक्षय खन्ना को प्रस्तुत करते हैं।” बता दें 'महाकाली' पौराणिक फैंटेसी फिल्म है, जिसका निर्माण रिवाज रमेश दुग्गल ने किया है।

फिल्म को प्रशांत वर्मा ने लिखा है और पूजा अपर्णा कोल्लुरु इसका डायरेक्शन कर रही हैं। यह फिल्म प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स (PVCU) का हिस्सा है, जिसके बैनर तले ऋषभ शेट्टी की ‘हनु मान’, ‘जय हनुमान’, दसारी कल्याण की ‘अधीरा’ जैसी चर्चित फिल्में बन चुकी हैं। ‘महाकाली’ को लेकर अभी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। अभी तक फिल्म की अदर कास्ट के बारे में डिटेल्स रिवील नहीं हुई हैं।