करण की नई मुसीबत! पत्नी ने लगाया एक और आरोप, अकाउंट से निकाले एक करोड़ रुपए

टीवी एक्टर करण मेहरा और उनकी पत्नी निशा रावल के बीच इन दिनों कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। पिछले दिनों निशा ने करण पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद करण गिरफ्तार हो गए थे। कुछ समय बाद उन्हें जमानत मिल गई। ताजा घटनाक्रम में निशा ने करण के खिलाफ गोरेगांव पुलिस स्टेशन में एक और मामला दर्ज कराया है। निशा ने करण के परिवार के सदस्यों - अजय मेहरा, बेला मेहरा और कुणाल मेहरा पर हिंसा और शोषण का आरोप लगाया है। इसके साथ उन्होंने आरोप लगाया कि करण ने उनके बैंक अकाउंट से एक करोड़ से भी ज्यादा रुपए निकाल लिए।


जमानत पर छूटे करण ने दी थी यह सफाई

पूर्व में निशा ने आरोप लगाया था कि करण ने उनके साथ मारपीट की और उनका सिर दीवार पर पटक दिया, जिससे उन्हें काफी चोट लगी। हालांकि जमानत पर छूटने के बाद करण ने बोला था कि वे बेकसूर हैं। उन्होंने निशा को नहीं मारा, बल्कि उसने खुद अपना सिर दीवार में पटका था। निशा एक बाइपोलर इंसान है। निशा ने उन्हें फंसाने के लिए ये साजिश रची।


6 साल डेट करने के बाद हुई थी निशा-करण की शादी

उल्लेखनीय है कि निशा और करण ने 6 साल एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2012 में शादी की थी। करण और निशा ने साथ में डांस रियलिटी शो 'नच बलिए' में भाग लिया था। दोनों का एक बेटा भी है, जिसका जन्म वर्ष 2017 में हुआ था। बात बिगड़ने से पहले दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी खूबसूरत तस्वीरों और वीडियोज के जरिए फैंस के साथ जुड़े रहे।