समीप कांग के निर्देशन में बनी पंजाबी फिल्म 'कैरी ऑन जट्टा 4' सिनेमाघरों में लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। गिप्पी ग्रेवाल, सरगुन मेहता और बिन्नू ढिल्लों स्टारर इस फैमिली कॉमेडी फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कई बड़ी बॉलीवुड फिल्मों के बीच रिलीज होने के बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी बनाए रखी है। हालांकि, सप्ताह के मध्य में इसकी कमाई की रफ्तार कुछ धीमी जरूर पड़ गई है। आइए जानते हैं कि बुधवार यानी रिलीज के छठे दिन फिल्म ने कितना कारोबार किया और अब तक अपने बजट का कितना हिस्सा वसूल कर लिया है।
6 दिनों में इतना रहा फिल्म का कलेक्शन'कैरी ऑन जट्टा 4' को रिलीज हुए छह दिन पूरे हो चुके हैं। शुरुआती दिनों में फिल्म ने संतुलित कमाई करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन पहले बुधवार को इसके कारोबार में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद फिल्म साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पंजाबी फिल्मों की सूची में तेजी से आगे बढ़ रही है और दूसरे स्थान के काफी करीब पहुंच चुकी है।
कमाई की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन 1.90 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत की थी। दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 2.50 करोड़ रुपये रही, जबकि तीसरे दिन फिल्म ने 3.40 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया। इसके बाद चौथे और पांचवें दिन फिल्म ने 1.40-1.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
अब Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के छठे दिन यानी बुधवार को फिल्म ने 85 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 11.45 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
बजट का आधे से ज्यादा हिस्सा हुआ रिकवरकमाई की रफ्तार भले ही अब कुछ धीमी पड़ गई हो, लेकिन फिल्म ने अपने बजट की अच्छी-खासी भरपाई कर ली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 'कैरी ऑन जट्टा 4' लगभग 20 करोड़ रुपये के बजट में तैयार की गई है।
ऐसे में छह दिनों के भीतर फिल्म अपनी कुल लागत का करीब 57.25 प्रतिशत हिस्सा वसूलने में सफल रही है। अब निर्माताओं को उम्मीद है कि दूसरे वीकेंड में दर्शकों की संख्या बढ़ने के साथ फिल्म की कमाई में फिर उछाल आएगा और यह जल्द ही अपने पूरे बजट की रिकवरी के करीब पहुंच जाएगी।
'इश्क़न दे लेखे' का रिकॉर्ड तोड़ने से बस एक कदम दूरगिप्पी ग्रेवाल, सरगुन मेहता और बिन्नू ढिल्लों अभिनीत 'कैरी ऑन जट्टा 4' फिलहाल वर्ष 2026 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पंजाबी फिल्म बनी हुई है। अब यह 'इश्क़न दे लेखे' के 11.89 करोड़ रुपये के लाइफटाइम भारत नेट कलेक्शन को पीछे छोड़ने से बेहद करीब है।
अगर फिल्म सातवें दिन भी अपनी मौजूदा रफ्तार बनाए रखती है, तो यह उपलब्धि हासिल कर सकती है और साल 2026 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पंजाबी फिल्म बनने का गौरव अपने नाम कर लेगी।
साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 पंजाबी फिल्में
रब्ब दा रेडियो 3 – 12.57 करोड़ रुपये
इश्क़न दे लेखे – 11.89 करोड़ रुपये
कैरी ऑन जट्टा 4 – 11.45 करोड़ रुपये
बंबुकट 2 – 6.18 करोड़ रुपये
व्याह करतारें दा – 4.55 करोड़ रुपये