18 जुलाई, शुक्रवार को सिनेमाघरों में एक दिलचस्प भिड़ंत देखने को मिली, जब तीन अलग-अलग जॉनर की बॉलीवुड फिल्में – ‘सैयारा’, ‘तन्वी द ग्रेट’ और ‘निकित रॉय’ एक साथ रिलीज हुईं। लेकिन दर्शकों ने जिस फिल्म को दिल खोलकर अपनाया, वह थी ‘सैयारा’। नई स्टार कास्ट और ताजगी से भरी इस फिल्म ने पहले ही दिन ऐसा धमाल मचाया कि बाकी दोनों फिल्मों की रफ्तार जैसे थम-सी गई। चलिए जानते हैं पहले दिन की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट और किसका सितारा कितना चमका।
‘सैयारा’ ने पहले दिन कितना कलेक्शन किया?‘सैयारा’ ने जो कारनामा किया है, वो शायद कुछ बड़े-बड़े स्टार्स की फिल्में भी नहीं कर पाईं। इस फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान खड़ा किया कि हर कोई बस देखता ही रह गया। निर्देशक मोहित सूरी के अनुभवी निर्देशन और अहान पांडे-अनीत पड्डा की नई लेकिन दमदार जोड़ी ने पर्दे पर जादू बिखेर दिया।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘सैयारा’ ने ओपनिंग डे पर पूरे 20 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई कर डाली। यही नहीं, इसने अक्षय कुमार, अजय देवगन और आमिर खान जैसे मंझे हुए सितारों की पिछली कुछ फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया। रोमांस, म्यूजिक और इमोशंस से लबरेज ‘सैयारा’ ने दर्शकों के दिल पर राज करना शुरू कर दिया है।
‘निकिता रॉय’ ने पहले दिन कितना कमाया?‘निकिता रॉय’ से सोनाक्षी सिन्हा ने बड़े पर्दे पर वापसी की थी और उनके साथ नजर आए अर्जुन रामपाल और परेश रावल जैसे दमदार कलाकार। फिल्म के निर्देशक सोनाक्षी के भाई कुश सिन्हा हैं, जिस वजह से फिल्म से उम्मीदें भी काफी थीं।
लेकिन अफसोस, ‘सैयारा’ की चमक में ‘निकिता रॉय’ पूरी तरह फीकी पड़ गई। थिएटर्स खाली नजर आए और दर्शकों की ओर से कोई खास प्रतिक्रिया नहीं मिली। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन महज 23 लाख रुपये की कमाई की। ये आंकड़ा उस टीम के लिए यकीनन निराशाजनक रहा, जो इसे एक मजबूत वापसी मान रही थी।
‘तन्वी द ग्रेट’ का पहले दिन का प्रदर्शनअनुपम खेर के निर्देशन में बनी ‘तन्वी द ग्रेट’ को लेकर भी काफी बज बना हुआ था। रिलीज से पहले इसे लेकर चर्चाएं जोरों पर थीं और लोगों को उम्मीद थी कि यह फिल्म भावनाओं और कहानी से दर्शकों को जोड़ पाएगी।
लेकिन ‘सैयारा’ की आंधी में यह फिल्म भी उखड़ती नजर आई। म्यूजिकल रोमांटिक थ्रिलर के सामने ‘तन्वी द ग्रेट’ की पकड़ कमजोर पड़ गई। सैकनिल्क के अर्ली आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 40 लाख रुपये का बिजनेस किया। हालांकि, ये आंकड़ा बुरा नहीं है, लेकिन दर्शकों की उम्मीदों पर यह फिल्म पूरी तरह खरी नहीं उतरी।