रतन टाटा के निधन पर शोक में डूबा बॉलीवुड, प्रियंका-अनुष्का-अक्षय सहित इन सितारों ने ऐसे दी श्रद्धांजलि

मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार (9 अक्टूबर) रात निधन हो गया। वे 86 साल के थे। टाटा ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनके निधन से बॉलीवुड की हस्तियां भी दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, “आपने अपनी दयालुता के माध्यम से लाखों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। आप आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने वाले एकमात्र महान व्यक्ति होंगे।

आपने हमारे देश के लिए जो कुछ भी किया, उसके लिए आपके जुनून और समर्पण के लिए धन्यवाद। आप हम सभी के लिए प्रेरणा रहे हैं और आप की बहुत याद आने वाली है सर।” अनुष्का शर्मा ने लिखा, “रतन टाटाजी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने अपने हर काम में ईमानदारी, शालीनता और गरिमा को बनाए रखा। वे भारत के रत्न थे। RIP सर, आपने बहुत से लोगों को जीना सिखाया है।”

संजय दत्त लिखते हैं, “भारत ने एक महान इंसान को खो दिया है। वे ईमानदारी और करुणा के प्रतीक थे। उनका योगदान व्यवसाय से परे था। उन्होंने अनगिनत जीवन प्रभावित किए। उनकी आत्मा को शांति मिले।” सलमान खान ने लिखा, “श्री रतन टाटा के निधन से बहुत दुख हुआ।” अक्षय कुमार ने लिखा, “दुनिया उस व्यक्ति को अलविदा कह रही है, जिसने एक साम्राज्य से कहीं अधिक का निर्माण किया। श्री रतन टाटा के निधन की खबर सुनकर दिल टूट गया। ओम शांति।”

रणदीप हुड्डा ने लिखा, “भारत के सबसे मूल्यवान व्यक्ति, जिनके मूल्यों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। आपकी ईमानदारी और विनम्रता से कई लोगों प्रेरणा मिली कभी दिखावा नहीं किया, लेकिन हमेशा स्टार रहे रतन टाटा जी ने जो जीवन जिया, वो हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।”

रतन टाटा की विरासत हमेशा पीढ़ियों को प्रेरित करेगी : अजय देवगन

आर माधवन ने लिखा, “एक महान व्यक्ति का निधन हो गया। एक दूरदर्शी, एक उच्च कोटि के सज्जन व्यक्ति, पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा, अपने पीछे एक ऐसा शून्य छोड़ गए जिसे कभी नहीं भरा जा सकता। जमशेदपुर के हर व्यक्ति के लिए यह क्षति व्यक्तिगत है क्योंकि इस दिग्गज ने इसे एक बेहतर जगह बनाने के लिए स्वर्ग का निर्माण किया। शांति से विश्राम करें सर।”

अजय देवगन ने लिखा, “दुनिया एक दूरदर्शी व्यक्ति के जाने का शोक मना रही है। रतन टाटा की विरासत हमेशा पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। भारत और उससे परे उनके योगदान अतुलनीय हैं। हम उनके बहुत आभारी हैं। शांति से विश्राम करें, सर।” वरुण धवन, रितेश देशमुख, श्रद्धा कपूर और बोमन ईरानी सहित कई सितारों ने भी टाटा को श्रद्धांजलि दी है।