सतीश शाह को बॉलीवुड के दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि, निधन से एक दिन पहले इस एक्टर के लिए शेयर की थी पोस्ट

टीवी और सिनेमा दोनों जगह अपनी छाप छोड़ने वाले दिग्गज एक्टर सतीश शाह का आज शनिवार (25 अक्टूबर) को निधन हो गया। वे 74 साल के थे। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करके सतीश के निधन की पुष्टि की। उन्होंने दावा किया कि सतीश का निधन किडनी फेल होने के कारण हुआ। फैंस और इंडस्ट्री के लोग सतीश को याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। फिल्ममेकर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर हाथ जोड़ने वाली इमोजी के साथ “ओम शांति (1951-2025)” लिखा। 'मैं हूं ना' फिल्म में सतीश के साथ काम करने वाली डायरेक्टर फराह खान ने लिखा, “आपकी आत्मा को शांति मिले। प्यारे सतीश, आपको जानना और आपके साथ काम करना बहुत अच्छा था। मुझे आपकी कमी खलेगी जो आप मुझे रोज मीम्स और चुटकुले भेजते थे।”

फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने लिखा, “टैलेंटेड सतीश शाह सर के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है। बड़े पर्दे और टेलीविजन पर उन्होंने अपने अलग-अलग किरदारों और शानदार एक्टिंग से हमें एंटरटेन किया। उनके परिवार और फैंस के प्रति मेरी गहरी संवेदना।” एक्टर जॉनी लीवर ने सतीश के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि हमने एक महान कलाकार और 40 साल से भी ज्यादा समय से अपने सबसे प्यारे दोस्त को खो दिया है। यकीन करना मुश्किल है। मैंने उनसे दो दिन पहले ही बात की थी। सतीश भाई, आपको बहुत याद किया जाएगा। फिल्म और टेलीविजन में आपके अपार योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा।”

अनुपम खेर ने एक वीडियो मैसेज के जरिए अपना शोक व्यक्त किया। अनुपम ने बताया कि कैसे सतीश फिल्म सेट पर सबको अपनी बातों से खूब हंसाया करते थे। वे कितने जिंदादिल थे और खूब मजेदार बातें किया करते थे। सतीश की जनरल नॉलेज भी कमाल की थी। आर माधवन ने भी सतीश को याद करते हुए उनके साथ तस्वीर शेयर की। एक्ट्रेस शिल्पा शिरोड़कर ने लिखा, “इस कठिन समय में उनके परिवार और दोस्तों को शक्ति मिले। ओम शांति।” एक्टर गुलशन देवैया ने लिखा, “सतीश रवीलाल शाह : 1951–2025.” अभिनेत्री तारा देशपांडे ने भी दुख जताया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है सतीश शाह की अंतिम पोस्ट

‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ सीरियल में सतीश के बेटे रोशेश का किरदार निभाने वाले एक्टर राजेश कुमार ने लिखा, “यह मेरे लिए बहुत ही बुरा समय है। मैं अभी भी यकीन नहीं कर पा रहा हूं कि वो अब नहीं रहे। मैं केवल इतना ही कह सकता हूं कि मैंने अपने पिता को खो दिया।” सतीश के निधन के बाद अब उनकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रही है जो उन्होंने दिवंगत शम्मी कपूर को लेकर किया था वो भी निधन से एक दिन पहले।

दरअसल सतीश ने शुक्रवार को शम्मी की बर्थ एनिवर्सरी पर उनके साथ एक फोटो शेयर की और लिखा, “हैप्पी बर्थडे डियर शम्मी कपूर जी। आप हमेशा मेरे आस-पास हैं।” इस फोटो में सतीश, शम्मी के अलावा गोविंदा भी नजर आ रहे हैं। ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ के क्रिएटर जेडी मजेठिया ने हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए बताया था कि सतीश कुछ महीने से ठीक नहीं थे और उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, लेकिन फिर उन्हें इंफेक्शन हो गया। सतीश ने 4 दशक तक काम किया है।

सतीश इंडियन एंटरटेनमेंट इंडिस्ट्री के शानदार एक्टर हैं। उन्हें शो ‘ये जो है जिंदगी’, ‘फिल्मी चक्कर’ और ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ से काफी पॉपुलैरिटी मिली। बॉलीवुड में सतीश ने साल 1970 में फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से अपने करिअर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्हें ‘उमराव जान’ से पॉपुलरिटी मिली। वे ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हीरो नंबर 1’ और ‘मैं हूं ना’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।