रेमो डिसूजा ने अस्पताल में म्यूजिक की धुन पर थिरकाए पैर, पत्नी लिजेल ने शेयर किया VIDEO

रेमो डिसूजा को शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे हार्ट अटैक आया था। जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रेमो के हार्ट से ब्लॉकेज हटाने के बाद में उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था। अब वे पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है वो वीडियो देखकर जो उनकी पत्नी ने शेयर किया है, वे म्यूजिक की धुन पर मस्त बिंदास अंदाज में पैरों को चलाते हुए नजर आ रहे हैं। पैर चलाने के साथ-साथ ही वे इस बात का संकेत दे रहे हैं कि वे धीरे-धीरे रिस्पॉन्स भी कर रहे हैं। इस वीडियो के साथ लिजेल ने लिखा, 'पैरों से नाचना एक अलग बात है और दिल से नाचना दूसरी बात है। रेमो डिसूजा... थैंक्यू आप सभी का आपकी प्रार्थनाओं और आशीर्वाद के लिए।'

बता दें कि रेमो का ये लेटेस्ट वीडियो उनके फैन्स के लिए एक बड़े आराम की खबर है। अब ये देखने वाली बात होगी कि वे और कितने दिनों तक अस्पताल में रहते हैं और उन्हें डॉक्टर्स कब तक छुट्टी देते हैं।

रेमो बॉलीवुड के बेहतरीन कोरियोग्राफर्स में से एक हैं। साथ ही वह डायरेक्शन में भी अपना हाथ आजमा चुके हैं। उन्होंने सलमान खान संग 'रेस 3' फिल्म को बनाया था। इसके अलावा फालतू, एबीसीडी, एबीसीडी 2 और स्ट्रीट डांसर जैसी फिल्मों को डायरेक्ट कर चुके है।

टीवी की दुनिया में वह रियलिटी शोज को जज करते नजर आए हैं। इस मुश्किल घड़ी में सारा देश उनके साथ है और उनकी सलामती के लिए दुआ कर रहा है।