विद्युत जामवाल ने बर्फ से जमी झील में लगाई डुबकी, वीडियो को देख चौंक जाएंगे

विद्युत जामवाल (Vidyut Jammwal) सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते है। विद्युत अक्सर अपने वीडियो फैंस के साथ शेयर करते रहते है। हाल ही में एक्टर ने ऐसा वीडियो शेयर किया है जिसको देखने के बाद फैंस खूब तारीफ कर रहे हैं। वीडियो में विद्युत जामवाल बर्फ से जमी झील में डुबकी लगाते दिख रहे हैं। वीडियो को फैन्स के साथ ही कई सेलेब्स ने भी लाइक किया है।

दरअसल, विद्युत ने जो वीडियो शेयर किया है, उस में वो बर्फीली वादियों में नजर आ रहे हैं। हर तरफ बर्फ की मोटी चादर बिछी दिख रही है। वीडियो में पहले विद्युत मोटे कपड़े पहने दिखते हैं, लेकिन धीरे-धीरे वो अपने कपड़े उतारते हैं और फिर बर्फीली झील में उतर जाते हैं। वीड‍ियो में तालाब देख समझ सकते हैं पानी किस हद तक ठंडा होगा। बर्फ की मोटी परत उसपर तैरती नजर आ रही है। खून जमा देने वाले इस ठंडे पानी में नहाना हिम्मत की बात है जिसे विद्युत ने कर दिखाया है। बर्फीले पानी में जाते हुए विद्युत कहते हैं- 'कल और परसों बहुत बर्फबारी हुई है। कल आना मुश्क‍िल था तो आज मैंने यहां आने की सोची। तापमान माइनस 8 डिग्री है।' कुछ सेकेंड पानी में बैठने के बाद विद्युत कहते हैं- 'आपका दिमाग थोड़ी देर में इसके मुताब‍िक ढल जाता है और सब ठीक हो जाता है।'

उन्होंने वीड‍ियो के साथ लिखा-'अगर कोई (आपके दिमाग को भी शाम‍िल करते हुए) कहता है कि ये मुश्क‍िल है! तो ये सोच बस इसल‍िए आती है क्योंक‍ि आपके पास इसका अनुभव नहीं है। आसान है...कर लो इसे। अपनी बाधाओं को तोड़ दो।' इस कैप्शन के साथ उन्होंने टैग किया ITrainLikeVidyutJammwal। इस टैग के अनुसार एक्टर ने एक लिस्ट तैयार की है जिसमें वे उन सभी बीमार‍ियों और जख्मों से खुद को ठीक कर रहे हैं। एक्टर ने 'REBORN' लिखकर ये भी जताया है कि इन कठ‍िन अनुभवों के बाद उन्हें दोबारा जन्म लेने का एहसास हो रहा है।

विद्युत ने साउथ इंडियन फिल्म से बतौर अभिनेता अपना करियर शुरू किया था। वहीं जॉन अब्राहम के खिलाफ विलेन बनकर फिल्म फोर्स से उन्होंने बॉलीवुड डेब्यू किया था। विद्युत इसके बाद कमांडो, बुलेट राजा, जंगली, खुदा हाफिज, बादशाहो सहित कई फिल्मों में नजर आए और धीरे- धीरे उनके करियर की गाड़ी आगे बढ़ रही है। विद्युत की आखिरी फिल्म सनक थी। इस फिल्म को दर्शकों से मिक्स रिस्पॉन्स मिला था, हालांकि अपने एक्शन मूव्स से विद्युत से दर्शकों का दिल जीत लिया था।