The Kashmir Files Box Office Collection: 'द कश्मीर फाइल्स' की बॉक्स ऑफ‍िस पर कमाई हुई कम, क्या 250 करोड़ छू पाएगी फिल्म?

डायरेक्टर व‍िवेक अग्न‍िहोत्री ने फिल्म के जर‍िए कश्मीरी पंड‍ितों के साथ हुए नरसंहार की दर्दनाक कहानी को फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के जरिए बड़े पर्दे पर पेश करने की कोश‍िश की है। फिल्म को कई राज्यों में टैक्स फ्री किया जा चुका है। इसपर कई जगह राजनीत‍िक बवाल भी मचा हुआ है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार किया है लेकिन अब इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिल रही है। तीसरे हफ्ते के वीकेंड तक अच्छी कमाई करने के बाद वीक डेज पर कश्मीर फाइल्स का कलेक्शन में गिरावट आई है। ट्रेड एनाल‍िस्ट तरण आदर्श ने फिल्म के 19वें दिन का कलेक्शन साझा किया है। फिल्म ने तीसरे हफ्ते शुक्रवार को 4.50 करोड़, शन‍िवार को 7.60 करोड़, रव‍िवार को 8.75 करोड़, सोमवार को 3.10 करोड़ और मंगलवार को 2.75 करोड़ का कलेक्शन किया है। कुल मिलाकर फिल्म 234.03 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। कश्मीर फाइल्स ने जिस तेजी से पहले और दूसरे हफ्ते 200 करोड़ का आंकड़ा छुआ था, उसकी तुलना में तीसरे हफ्ते 250 करोड़ के कलेक्शन तक पहुंचना फ‍िल्म के लिए काफी मुश्क‍िल नजर आ रहा है। हालांक‍ि फिल्म को मिले वर्ड ऑफ माउथ से उम्मीद है क‍ि फिल्म देर से सही पर 250 करोड़ का आंकड़ा छू लेगी।

कश्मीर फाइल्स की कमाई को बड़ा झटका आलिया राम चरण, जूनियर एनटीआर की फिल्म आरआरआर की वजह से लगा है। फिल्म के हिंदी वर्जन ने 5 दिन में 107.59 करोड़ की कमाई कर ली है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, RRR ने पांचवे दिन यानी मंगलवार को 15.02 करोड़ का कलेक्शन किया। 5 दिन में राजामौली की फिल्म RRR का हिंदी वर्जन में कुल कलेक्शन 107.59 करोड़ हो गया है। पॉजिटिव वर्ड माउथ का मूवी को जबरदस्त फायदा हो रहा है। अगर फिल्म की कमाई की यही रफ्तार जारी रहेगी तो RRR 200 करोड़ का आंकड़ा छू लेगी।

फिल्म की बात करें तो इसमें अनुपम खेर, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार, भाषा सुंबली, मिथुन चक्रवर्ती हैं। फिल्म को क्रिट‍िक्स और ऑड‍ियंस का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।