नेटफ्लिक्स पर सबसे अधिक देखी जाने वाली फिल्म बनी 'हसीन दिलरुबा'

शुक्रवार 2 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई तापसी पन्नू, विक्रांत मैसी और हर्षवर्धन राणे अभिनीत फ़िल्म 'हसीन दिलरूबा' प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा ट्रेंड करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म भारत के अलावा संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा, बांग्लादेश समेत कई अन्य देशों में भी ट्रेंड कर रही है। इसे बार-बार देखा जा रहा है और लोग इस रोमांचक थ्रिलर को खूब पसंद कर रहे हैं। हसीन दिलरूबा का निर्माण आनंद एल राय ने किया है। इसकी कथा, पटकथा और संवाद कनिका ढिल्लों ने लिखे हैं। आनंद एल राय और उनके कलर येलो प्रोडक्शंस हमेशा भारत के छोटे शहरों से महान कहानियां लेकर आए हैं। न्यूटन, तुम्बाड, मनमर्जियां, शुभ मंगल सावधान, और अब हसीन दिलरुबा - एक के बाद एक उन्होंने हमें बेहतरीन कहानियां दी हैं। हसीन दिलरुबा के साथ उन्होंने अपने रोमांचकारी कथानक, अलंकृत प्रदर्शन और अनूठी कहानी के साथ फिर से लोगों का दिल जीत लिया है।

मर्डर मिस्ट्री है हसीन दिलरूबा

विनिल मैथ्यू निर्देशित हसीन दिलरूबा मर्डर मिस्ट्री है, जिसकी कहानी तापसी के किरदार रानी कश्यप के इर्द-गिर्द घूमती है। विक्रांत ने फ़िल्म में तापसी के पति ऋषभ सक्सेना और हर्षवर्धन ने नील त्रिपाठी नाम का किरदार निभाया है, जिसके साथ रानी का प्रेम प्रसंग दिखाया गया है। रानी पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगता है। तापसी की यह पहली फ़िल्म है, जो सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ हुई है। सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली तापसी की आख़िरी फ़िल्म थप्पड़ है, जो 2020 में आयी थी। इस फ़िल्म में तापसी के अभिनय को काफ़ी सराहा गया था।

हालाकि, फिल्म को समीक्षकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है लेकिन कई सेलेब्स और साथी कलाकारों ने फ़िल्म की काफ़ी सराहा है। अंगद बेदी, पावेल गुलाटी, भूमि पेडनेकर, सान्या मल्होत्रा, संजना सांघी, सोनाक्षी सिन्हा ने हसीन दिलरूबा में तापसी और बाक़ी कलाकारों के अभिनय की जमकर तारीफ की है।