'कुछ कुछ होता है' का छोटा सरदार हुआ जवान, करने जा रहा है शादी, डेलना श्रॉफ होगी दुल्हनियां

शाहरुख खान और काजोल की सुपरहिट फिल्म 'कुछ कुछ होता है' का वह छोटा सरदार जो पूरी फिल्म में तारे गिनता रहता था अब वो जवान हो गया है और जल्द शादी करने वाला है। परजान दस्तूर ही वो कलाकार हैं जिन्होंने कुछ कुछ होता है में उस मासूम सरदार का किरदार निभाया था। परजान अब 28 साल के हो चुके हैं और उन्होंने अब शादी करने का फैसला कर लिया है। और इसका एलान उन्होंने सबके सामने किया है।

इस बात की जानकारी खुद परजान ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड डेलना श्रॉफ से फरवरी 2021 में शादी करने वाले हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर डेलना को प्रपोज करते हुए अपनी एक तस्वीर भी साझा की थी। परजान ने लिखा, 'एक साल पहले उसने हां कहा था और अब 4 महीने बाद शादी हो जाएगी।'

परजान दस्तूर ने साल भर पहले अक्टूबर में डेलना श्रॉफ से सगाई की थी। उन्होंने बड़े ही रोमांटिक अंदाज में डेलना को प्रपोज किया था। साझा की हुई तस्वीर में परजान अपने घुटनों पर बैठकर डेलना को अंगूठी देते हुए नजर आ रहे हैं।

परजान दस्तूर ने मोहब्ब्तें, कहो न प्यार है, हाथ का अंडा, ब्रेक के बाद, हम तुम परजानिया, कभी खुशी कभी गम, कहता है दिल बार बार, सिकंदर और पॉकेट मम्मी जैसी फिल्मों में काम किया है।