मुंबई में पावरकट तो कुणाल खेमू ने बनाया फनी वीडियो, करीना कपूर ने शेयर कर कही ये बात

मुंबई सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रिड फेल होने के कारण जगह-जगह पावर कट हो गया। शहर के कई इलाकों में आवाजाही ठप हुई थी। तकरीबन दो घंटे की मेहनत के बाद मुंबई में बिजली की आपूर्ति शुरू हो पाई। पावर कट होने के बाद सोशल मीडिया पर कई मीम्स भी बनने लगे। वहीं कई सेलेब्स ने भी इस खबर पर रिएक्ट किया था। हालांकि, इस सबके बीच कुणाल खेमू (Kunal Khemu) का एक वीडियो काफी वायरल हुआ और इसे करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) ने भी शेयर किया है।

कुणाल का फनी वीडियो हो रहा वायरल

दरअसल, कुणाल ने ये वीडियो मुंबई और मुंबई के बाहर वाले क्षेत्रों में पावर कट को लेकर बनाई थी। इस वीडियो के पहले हिस्से में लिखा आता है- 'जब मुंबई को छोड़कर हर जगह बिजली गई होती है।' इसके बाद कुणाल खेमू सोते नजर आते हैं और हरियाणवी लहजे में बात करते हुए पूछते हैं कि लाइट कब आएगी। जब उन्हें कहा जाता है कि लाइट शाम तक आएगी तो वे आराम से हाथ वाले पंखे की डिमांड करते हैं और सोने चले जाते हैं। इसके बाद वीडियो के दूसरे हिस्से में दिखाया जाता है कि जब मुंबई में बिजली जाती है तो क्या होता है। इस बार कुणाल कूल डूड अवतार में दिखते हैं। वे अपने दोस्त से फोन पर बात कर रहे होते हैं और जब उन्हें पता चलता है कि कुछ घंटों तक बिजली नहीं आने वाली हैं तो वे सकपका जाते हैं।

कुणाल के इस फनी वीडियो को फैंस काफी पसंद कर रहे है वही कुणाल ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा- काफी मुश्किल स्थिति है। करीना कपूर खान ने भी कुणाल के इस वीडियो को इंस्टा स्टोरीज में पोस्ट किया और लिखा- ये इंटरनेट पर आज का बेस्ट पोस्ट है। इसके साथ ही उन्होंने कई लाफिंग इमोजी भी बनाई।

कैसे हुई बिजली गुल?

दरअसल, मुंबई में पावर सप्लाई के लिए मुख्य रूप से कलवा स्थित पावर ग्रिड से बिजली की आपूर्ति की जाती है। जहां MSEDCL के 400 केवी कलवा पढगा GIS केंद्र में 2 सर्किट हैं जिनके जरिये बिजली की आपूर्ति की जाती है। सर्किट एक में दुरुस्तीकरण का काम किया जा रहा था। जिसके चलते पूरा लोड सर्किट नंबर दो पर दिया गया था। लेकिन सर्किट दो में अचानक तकनीकी खराबी आने से कई जगहों पर ट्रिपिंग की समस्या हुई और फिर मुंबई शहर में बत्ती गुल हो गई जिसे दो घंटे बाद बहाल किया जा सका है।

मुंबई शहर में बिजली की आपूर्ति चार कंपनियों के जरिये की जाती है। पहली बेस्ट और दूसरी निजी क्षेत्र की अडानी तीसरी टाटा पावर और चौथी महावितरण। बेस्ट मुंबई शहर में बिजली की आपूर्ति करता है तो वहीं बाकी कंपनियां मुंबई उपनगर में बिजली की आपूर्ति का जिम्मा उठाती हैं। मुंबई शहर को बिजली की आपूर्ति बेस्ट के जरिये की जाती है और मुंबई उपनगर को अडानी इलेक्ट्रिसिटी की तरफ से बिजली मुहैया करवाई जाती है।

देश में फिलहाल बिजली आपूर्ति के लिए ईस्ट ,वेस्ट, नार्थ, साउथ और सेंट्रल ग्रिड हैं। इन पांच ग्रिड में से मुंबई को बिजली की आपूर्ति करने वाली वेस्टर्न ग्रिड में सोमवार सुबह अचानक गड़बड़ी ही गई। इस वजह से मुंबई शहर को पावर सप्लाई करने वाली बेस्ट, टाटा, महावितरण और अडानी कंपनी शहर में बिजली आपूर्ति नहीं कर पाई।