'KGF-2' के आगे शाहिद कपूर की 'जर्सी' ने टेके घुटने, एक हफ्ते आगे खिसकी फिल्म की रिलीज

शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) की फिल्म जर्सी की रिलीज को एक बार फिर टाल दिया गया है। फिल्म शुक्रवार 15 अप्रैल को रिलीज होने वाली थीं। इस फिल्म के साथ साउथ की सबसे चर्चित फिल्म केजीएफ 2 भी रिलीज होने वाली है। ऐसे में फिल्म जर्सी के मेकर्स ने फिल्म की रिलीज को एक हफ्ते आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श इस इस बात की जानकारी देते हुए ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने बताया कि जर्सी फिल्म अब 22 अप्रैल 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के मेकर्स ने देर रात ये फैसला लिया है। जर्सी में शाहिद कपूर के अपोजिट मृणाल ठाकुर हैं। इसके अलावा फिल्म में पंकज कपूर भी अहम रोल में हैं। इससे पहले जर्सी साल 2020 में रिलीज होने वाली थी। कोरोना के कारण इसकी रिलीज को टाल दिया गया था। इसके बाद फिल्म 31 दिसंबर 2021 में रिलीज होने वाली थीं लेकिन, कोरोना की तीसरी लहर के कारण इसे एक बार फिर टाल दिया गया।

बॉक्स ऑफिस पर इन तीनों फिल्मों के महाक्लैश को देखने के लिए दर्शक भी बेताब थे। हालांकि अब 'जर्सी' के मेकर्स ने अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। अब ये फिल्म 'केजीएफ चैप्टर 2' और 'बीस्ट' की रिलीज के एक हफ्ते बाद यानी 22 अप्रैल के दिन सिनेमाघरों में पहुंचेगी।

केजीएफ 2 ने एडवांस बुकिंग में ही सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली व मुंबई के कुछ खास सिनेमाघरों में इसकी टिकट दरें 2000 रुपये प्रति टिकट तक जा पहुंची हैं। वहीं, महाराष्ट्र के दो शहर मुंबई और पुणे में फिल्म का पहला शो सुबह 6 बजे से शुरू हो जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने एडवांस बुकिंग के जरिए 20 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। केजीएफ 2 के साथ फिल्म बीस्ट भी रिलीज हो रही है।

'जर्सी' की बात करें तो यह फिल्म इसी नाम की तेलुगु फिल्म की आधिकारिक हिंदी रीमेक है। फिल्म की कहानी एक असफल क्रिकेटर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करने और अपने बेटे की ख्वाहिश को पूरा करने के लिए एक फिर मैदान में वापसी करता है। फिल्म में शाहिद कपूर के पिता पंकज कपूर भी अहम भूमिका में हैं। इसके अलावा शाहिद कपूर फिल्म में मृणाल ठाकुर संग ऑनस्क्रीन रोमांस करते दिखाई देंगे।

फिल्म का ट्रेलर बीते साल नवंबर में रिलीज किया गया था जिसे दर्शकों द्वारा काफी अच्छा रिस्पांस मिला था। 2 मिनट 53 सेकंड के ट्रेलर में दिखाया था कि शाहिद कपूर बेरोजगार हैं और उनके बेटे ने जर्सी की डिमांड की है। बेटी की डिमांड पूरी करने के लिए शाहिद दोबारा क्रिकेट के मैदान में उतरते हैं।