'Fukrey' फेम अभिनेता ल्यूकस का निधन, फरहान अख्तर और वरुण शर्मा ने दी श्रद्धांजलि

फिल्म फुकरे और फुकरे रिटर्न्स में अभिनेत्री ऋचा चड्ढा के बॉडीगार्ड का किरदार निभाने वाले बॉलीवुड अभिनेता ओलानोकियोटन गॉलाबो ल्यूकस का निधन हो गया है। उनके निधन की जानकारी फुकरे फिल्म के निर्माता और बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर ने दी है। फिल्म में ओलानोकियोटन गॉलाबो ल्यूकस के किरदार का नाम 'बॉबी' था।

फरहान अख्तर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ओलानोकियोटन गॉलाबो ल्यूकस की एक तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने भावुक ट्वीट भी लिखा है। फरहान अख्तर ने अपने ट्वीट में लिखा, 'मेरे प्रिय कास्ट मेंबर ओलानोकियोटन गॉलाबो लुकास का निधन हो गया है, जिन्होंने फुकरे फिल्म में बॉबी का किरदार किया था। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। आपको हमेशा याद किया जाएगा।'

फरहान अख्तर के अलावा फुकरे फिल्म में दिलीप उर्फ चूचा का किरदार निभाने वाले अभिनेता वरुण शर्मा ने भी ओलानोकियोटन गॉलाबो ल्यूकस के निधन पर सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर ओलानोकियोटन गॉलाबो ल्यूकस की तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने भावुक पोस्ट लिखा है। वरुण शर्मा ने अपने पोस्ट में लिखा, 'भारी मन से, हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमने एक महत्वपूर्ण कलाकार को खो दिया है। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनकी आत्मा को शांति मिले'।

बता करें फिल्म फुकरे की तो यह फिल्म साल 2013 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में ओलानोकियोटन गॉलाबो ल्यूकस के अलावा पुलकित सम्राठ, वरुण शर्मा, अली फजल, मनजोत सिंह, पकंज त्रिपाठी और ऋचा चड्ढा मुख्य भूमिका में थे।