गंगा नदी में तैरते शव, बॉलीवुड सितारों का फूटा गुस्सा, सरकार को ठहराया जिम्मेदार

उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच गंगा नदी में तैरते शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। गंगा में लगातार मिल रहे मानव शवों को लेकर बॉलीवुड सितारों ने भी हैरानी जताई है। बॉलीवुड सितारों ने इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

बुधवार को बॉलीवुड के मशहूर गायक और अभिनेता फरहान अख्तर ने गंगा में मिल रहे शवों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना के लिए व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया है। फरहान अख्तर ने ट्विटर पर अपनी बात रखते हुए कहा कि इसके लिए खराब सिस्टम जिम्मेदार है।

अभिनेता ने अपने ट्वीट में लिखा, 'नदियों में बह कर शवों के आने और किनारे पर लगने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं और यह निश्चित रूप से दिल तोड़ देने वाली है। एक न एक दिन वायरस जरूर हारेगा, लेकिन इस तरह की खामियों के लिए सिस्टम में जवाबदेही तय होनी ही चाहिए। जब तक यह नहीं होता है, तब तक महामारी का चैप्टर खत्म नहीं होगा।'

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने भी गंगा में मिल रहे लोगों के शवों को लेकर दुख जताया है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'इस महामारी ने इंसान‍ियत का सबसे खराब चेहरा सामने लाकर रख दिया है। वह जो लाशें तैर रही हैं, वह कभी जिंदा थे, वह किसी की मां, बेटी, प‍िता या बेटा थे। अगर आपका शव नदी किनारे मिलती या आप अपनी मां का शव नदी पर तैरता देखते तो कैसा लगता? सोच भी नहीं सकते..हैवान'।

अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने भी इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'संदिग्ध कोविड के 100 से अधिक शवों को गंगा में बहा दिया गया। दुखद..ब्रत। विश्वास से परे...'

अभिनेता जावेद जाफरी ने भी ट्विटर पर एक खबर शेयर कर लिखा, 'यह दुखद और भयावह है'।

आपको बता दें कि बिहार राज्य के बक्सर से लगे यूपी के बलिया, गाजीपुर, हमीरपुर में गंगा के किनारे शवों के मिलने का सिलसिला जारी है। इसके बाद शवों को देखे जाने के बाद स्‍थानीय प्रशासन ने जेसीबी से गड्ढे खुदवाकर सभी शवों को दफना दिया था।

उधर, मंगलवार रात बलिया में गंगा नदी के तटवर्ती इलाके से सात और शव मिले हैं। इसके साथ ही नदी से निकाले गए शवों की कुल संख्या 52 हो गई है। एक अधिकारी ने बताया कि नदी में मिल रहे शवों के कोविड संक्रमित होने की आशंका के मद्देनजर तटवर्ती इलाकों में संक्रामक रोग के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन की तरफ से शवों का तत्काल अंतिम संस्कार करा दिया गया है।

नदियों में सैकड़ों शव मिलने की घटना पर सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। सीएम ने कहा कि अंत्येष्टि की क्रिया मृतक की धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप सम्मान के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी मृतक की अंत्येष्टि के लिए जल प्रवाह की प्रक्रिया पर्यावरण के अनुकूल नहीं है। अंत्येष्टि क्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से आवश्यक वित्तीय सहायता भी दी जा रही है।