अर्जुन, रिया और अंशुला कपूर हुए कोरोना संक्रमित, मलाइका अरोड़ा का भी होगा कोरोना टेस्ट

बॉलीवुड इंडस्ट्री में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण का कहर बरसना शुरू हो गया है। करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा के ठीक होने के बाद अब कपूर परिवार कोविड -19 की चपेट में आया है। बोनी कपूर के बेटे और एक्टर अर्जुन कपूर, अंशुला कपूर और अनिल कपूर की बेटी रिया और दामाद करण बुलानी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सभी होम क्वारंटीन हैं। प्रोड्यूसर बोनी कपूर भी अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। जिसके बाद उन्होंने कोरोना टेस्ट करवाया और उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अर्जुन को साल भर में दूसरी बार कोरोना हुआ है। हाल ही में अर्जुन को मलाइका के साथ करिश्मा कपूर के क्रिसमस पार्टी में देखा गया था। अर्जुन ने अपने संपर्क में आए लोगों से टेस्ट कराने की अपील की है। ऐसे में मलाइका अरोड़ा का भी कोरोना टेस्ट होगा। इससे पहले मलाइका के बाद ही अर्जुन कोविड पॉजिटिव हुए थे।

जब करीना कपूर और अमृता के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर आई थी, तब रिया कपूर ने भी अपना टेस्ट कराया था हालांकि तब उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। हाल ही में ये सभी करिश्मा कपूर की क्रिसमस पार्टी में शामिल हुए थे। करीना तो ठीक होने के एक दिन बाद ही अपने बच्चों के साथ क्रिसमस पार्टी करती दिखाई दी थीं जिसके बाद यूजर्स ने उन्हें ट्रोल भी किया था।

कोरोना वायरस की चपेट में रणवीर शौरी का 10 साल का बेटा

रणवीर शौरी ने एक दिन पहले खुलासा किया था कि गोवा में छुट्टी से घर लौटने के बाद उन्होंने कोरोना टेस्ट करवाया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यानी रणवीर शौरी भी कोरोना से संक्रमित हैं और क्वारंटीन में हैं। रणवीर शौरी'ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, था, 'मेरा बेटा हारून और मैं गोवा में छुट्टी पर थे, और मुंबई वापस जाने के लिए नियमित आरटी-पीसीआर टेस्ट के दौरान, उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हम दोनों को किसी भी तरह के कोई लक्षण नहीं हैं और आगे की जांच तक खुद को क्वारंटीन कर लिया है। लहर असली है। हम कल फिर कोरोना टेस्ट करवाने का प्लान कर रहे हैं। ताकि रिपोर्ट का सही पता लगाया जा सके और मेरा टेस्ट भी किया जा सके, हालांकि मैंने दोनों टीके लगवाए हुए हैं।'