Mithun Chakraborty के बेटे पर लगा रेप-गर्भपात करवाने का गंभीर आरोप, FIR दर्ज

बालीवुड के​ दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का परिवार मुश्किलों में आ गया हैं। मिथुन चक्रवर्ती के बेटे महाअक्षय चक्रवर्ती के खिलाफ मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में शादी का झांसा देकर रेप करने और अबॉर्शन करवाने का केस दर्ज किया गया है। महाक्षय और उनकी पत्नी और उनकी मां योगिता बाली के खिलाफ फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली एक एक्ट्रेस-मॉडल ने केस दर्ज करवाया है। ओशिवारा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक दयानंद बांगर ने बताया कि महाअक्षय और उनकी मां के खिलाफ धारा 376 (2) (N) (एक ही महिला से बार-बार बलात्कार करना), 328 (जहर देकर या दूसरे तरीके से चोट पहुंचाना), 417 (धोखाधड़ी), 506 (धमकी देना), 313 (महिला की सहमति के बिना गर्भपात) और धारा 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। यह एफआईआर दिल्ली की अदालत के एक आदेश के बाद मुंबई में दर्ज की गई है। मॉडल ने 2018 में अदालत का दरवाजा खटखटाया था। पहले अदालत ने इस मामले को दिल्ली में दर्ज करने को कहा, फिर अंतिम फैसले में इसे मुंबई ट्रांसफर कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अभिनेत्री-मॉडल महिला ने महाक्षय पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि वो और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के बेटे महाक्षय चक्रवर्ती 2015 से रिलेशनशिप में थे। महाक्षय ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

आरोप है कि महाक्षय चक्रवर्ती इसके बाद करीब चार साल तक पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाते रहे। साथ ही पीड़िता का मानसिक उत्पीड़न भी किया। पीड़िता के अनुसार साल 2015 में महाक्षय ने पीड़ित को घर बुलाया और उसे सॉफ्ट ड्रिंक में नशीली दवा दी थी। इसी दौरान महाअक्षय ने पीड़िता की सहमति के बिना उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में कई बार शादी करने की बात कही। वहीं महाअक्षय ने एक बार नहीं बल्कि कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। महाअक्षय की मां ने शिकायत के बाद पीड़ित को धमकाया था और मामले को रफा-दफा करने के लिए दबाव भी बनाया।