Bigg Boss OTT 2 : आशिका भाटिया का सफर खत्म, सलमान खान ने लगाई एल्विश यादव की क्लास

ओवर द टॉप (OTT) प्लेटफॉर्म पर इस समय जारी रियलिटी शो बिग बॉस 2 दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहा है। इसके फिनाले में सिर्फ 14 दिन बचे हैं। शो का विनर 13 अगस्त को घोषित हो जाएगा। इस बीच, कंटेस्टेंट आशिका भाटिया की छुट्‌टी हो गई है। उनका सफर मात्र दो सप्ताह चला। इस सप्ताह उनके साथ मनीषा रानी भी नॉमिनेट हुई थीं, लेकिन आशिका को घर छोड़ना पड़ा। हालांकि अभी यह बात कंफर्म नहीं हुई है, लेकिन सूत्र इस पर मोहर लगा रहे हैं।

बिग बॉस खबरी की लेटेस्ट पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि आशिका को एलिमिनेट कर दिया गया। आशिका बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री शो में आई थीं। पिछले दिनों आशिका की जिया शंकर के साथ झगड़े की क्लिप इंटरनेट पर खूब वायरल हुई जिसमें अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान भी उसका सपोर्ट करते दिखाई पड़े। यह पूरा झगड़ा आशिका की किचन में मौजूदगी को लेकर हुआ था। आशिका के बाहर होने की खबर सोशल मीडिया पर फैल गई है।

लोग जमकर पोस्ट कर रहे हैं। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह मनीषा रानी और एल्विश को टारगेट करेंगे और फिर मनीषा का सफर खत्म हो जाएगा। कुछ यूजर्स चाहते हैं कि मनीषा को भी निकाल देना चाहिए, जिससे अभिषेक और एल्विश का गेम अच्छा हो सके।

एल्विश ने बेबीका धुर्वे को बोले थे अपशब्द

शो के होस्ट सलमान खान शनिवार (29 जुलाई) रात बिग बॉस हाउस पहुंचे। वहां वे सभी कंटेस्टेंट से रूबरू हुए। वीकेंड के वार में सलमान ने एल्विश यादव की जमकर क्लास लगाई। आपको बता दें कि टिकट टू फिनाले टास्क में एल्विश और बेबीका धुर्वे के बीच जमकर बहस हुई थी। इस दौरान एल्विश ने पूरी तरह से आपा खो दिया और बेबीका के लिए अपशब्द का इस्तेमाल किया।

सलमान ने एल्विश को फटकारते हुए कहा कि उन्हें कुछ मीनिंगफुल करना चाहिए, ना कि फालतू की चीजें। सलमान ने एल्विश को उनकी मां से वीडियो कॉल पर बात भी करवाई। एल्विश मां को देखते ही भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और रोने लगे। मां ने उन्हें समझाया। सलमान ने एल्विश से कहा कि उनकी मां को उनके स्टेटमेंट नहीं दिखाए गए हैं, इसलिए परेशान होने की जरूरत नहीं है।