‘भारत भाग्य विधाता’: चार दिन में ही लाखों में सिमटी कमाई, जानिए बजट की कितनी भरपाई कर पाई फिल्म

कंगना रनौत की हालिया रिलीज फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी उतरती नजर नहीं आ रही है। रिलीज के पहले दिन से ही यह फिल्म कमाई के लिए संघर्ष करती दिख रही है। हालांकि फिल्म को क्रिटिक्स से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसके आंकड़े बेहद निराशाजनक बने हुए हैं। इसी बीच यहां जानते हैं कि ‘भारत भाग्य विधाता’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के चौथे दिन यानी पहले सोमवार को कितना कलेक्शन दर्ज किया है।

‘भारत भाग्य विधाता’ का चौथे दिन का कलेक्शन कितना रहा?

‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। कंगना रनौत की पिछली कई फिल्मों के कमजोर प्रदर्शन को देखते हुए इस फिल्म से काफी उम्मीदें लगाई गई थीं, लेकिन यह भी टिकट खिड़की पर कोई खास असर छोड़ने में नाकाम रही। फिल्म ने ओपनिंग डे पर करीब 1 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद वीकेंड पर इसमें हल्की बढ़त देखने को मिली। दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने 1.45 करोड़ रुपये जुटाए, जबकि तीसरे दिन इसका कलेक्शन बढ़कर 1.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। लेकिन जैसे ही फिल्म ने वीकडेज में कदम रखा, इसकी कमाई की रफ्तार अचानक थम गई और ‘भारत भाग्य विधाता’ पहले ही मंडे टेस्ट में बुरी तरह फेल हो गई। इसी के साथ चौथे दिन इसका कलेक्शन लाखों तक सीमित रह गया।

सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार ‘भारत भाग्य विधाता’ ने रिलीज के चौथे दिन 1,866 शो में कुल 65 लाख रुपये (नेट) का कारोबार किया। इसी के साथ फिल्म की चार दिनों की कुल भारत में नेट कमाई 4.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 5.86 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

चार दिनों में कितना बजट रिकवर कर पाई ‘भारत भाग्य विधाता’?

फिल्म की कमाई की गति काफी धीमी बनी हुई है। चार दिनों में जहां इसका कुल नेट कलेक्शन 4.90 करोड़ रुपये तक पहुंचा है, वहीं बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट लगभग 15 करोड़ रुपये है। ऐसे में यह फिल्म रिलीज के चार दिन बाद भी अपनी लागत का आधा हिस्सा भी वसूल नहीं कर पाई है। अब तक इसने अपने कुल बजट का सिर्फ 32.66 प्रतिशत ही रिकवर किया है। ऐसे हालात में फिल्म के लिए फ्लॉप होने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
‘भारत भाग्य विधाता’ क्यों नहीं पकड़ पा रही रफ्तार?

‘भारत भाग्य विधाता’ को थिएटर में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। इसी समय रिलीज हुई मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर’, दिलजीत दोसांझ की ‘मैं वापस आऊंगा’, और विक्रम भट्ट की ‘हॉन्टेड 3D: इकोज़ ऑफ़ द पास्ट’ जैसी फिल्मों से इसका सीधा मुकाबला है। इसके अलावा राम चरण की ‘पेद्दी’ और वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ जैसी बड़ी फिल्मों की मौजूदगी भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। इस भारी भीड़भाड़ वाले बॉक्स ऑफिस माहौल में ‘भारत भाग्य विधाता’ को पर्याप्त स्क्रीन और दर्शक नहीं मिल पा रहे, जिसके कारण इसकी कमाई लगातार दबाव में बनी हुई है। वीकडेज में गिरावट के बीच अब यह देखना अहम होगा कि क्या फिल्म दूसरे वीकेंड तक अपनी पकड़ बना पाती है या नहीं।

‘भारत भाग्य विधाता’ के बारे में जानकारी

‘भारत भाग्य विधाता’ को मनोज तापड़िया ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि इसका निर्माण कंगना रनौत ने को-प्रोड्यूसर के रूप में किया है। फिल्म में कंगना के साथ ईशा डे, गिरिजा ओक और स्मिता तांबे जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आते हैं। यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जाती है और उन मेडिकल स्टाफ की बहादुरी पर आधारित है जिन्होंने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। विशेष रूप से इसमें नर्स अंजलि कुल्थे की बहादुरी को दर्शाया गया है, जिन्होंने उस कठिन समय में 20 गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद की थी।