टीवी और फिल्मों के मशहूर एक्टर अमन वर्मा को लेकर खबर है कि वे शादी के 9 साल बाद अपनी पत्नी वंदना लालवानी से तलाक लेने जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार अमन और वंदना ने अलग होने का फैसला कर लिया है और वे इसके लिए कदम बढ़ा चुके हैं। वंदना भी टीवी की मशहूर अभिनेत्री रह चुकी हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार अमन और वंदना के बीच लंबे समय से परेशानियां चल रही हैं और वे अपने रिश्ते को बचाने के लंबी कोशिशों में असफल होने के बाद तलाक की ओर बढ़ रहे हैं।
कपल के एक करीब सूत्र ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके बीच मतभेद चल रहे हैं। उन्हें सुलझाने के लिए दोनों ने प्रयास किए लेकिन इसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने फैमिली प्लानिंग भी की, लेकिन उनके मतभेद इतने गहरे हो गए कि उनमें सामंजस्य बिठाना मुश्किल हो गया। सूत्र के मुताबिक वंदना ने तलाक के लिए अर्जी देने का फैसला किया है। इन खबरों पर फिलहाल अमन या वंदना की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि अमन और वंदना की पहली मुलाकात साल 2014 में 'हमने ली है-शपथ' की शूटिंग के दौरान हुई थी।
उन्होंने साल 2015 में सगाई की और 2016 में विवाह बंधन में बंध गए। अमन ‘शांति’, 'खुल जा सिम सिम', 'घराना' और 'बिग बॉस' सहित कई टीवी शो में नजर आ चुके हैं। अमन को पहचान एकता कपूर के सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से मिली थी। अमन की सबसे चर्चित फिल्म ‘बागबान’ थी। इस फिल्म में उन्होंने अमिताभ बच्चन के बड़े बेटे का रोल निभाया था। अमन ने ‘संघर्ष’, ‘जानी दुश्मन’, ‘प्यार जाए पर शान न जाए’, ‘अंदाज’, ‘बाबुल’, ‘जान-ए-मन’, ‘देशद्रोही’, ‘सुपरस्टार’, ‘तीस मारखां’ जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
राघव चड्ढा ने पत्नी परिणीति चोपड़ा के साथ शेयर की फोटोआम आदमी पार्टी (AAP) नेता व राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा आज बुधवार (26 फरवरी) को महाशिवरात्रि के अवसर पर पत्नी एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद लिया। राघव ने अपने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें पोस्ट कीं। पहली तस्वीर में कपल मंदिर के सामने कैमरे की ओर देखता नजर आया। दूसरी तस्वीर में चोपड़ा-चड्ढा परिवार साथ दिखा। राघव ने कैप्शन में लिखा, “जय श्री बाबा विश्वनाथ, हर हर महादेव। सभी देशवासियों को महाशिवरात्रि की ढेर सारी शुभकामनाएं।”
एक इंटरव्यू के दौरान राघव ने भगवान शिव को ‘आध्यात्मिक प्रेरणा' बताया था। वे घर में शिव भक्ति का माहौल देखकर बड़े हुए हैं और पिता सुनील चड्ढा से प्रभावित हैं, जो पिछले 40 साल से सुबह घर से निकलने से पहले शिवलिंग पर जल चढ़ाते हैं। परिणीति भी बहुत धार्मिक हैं और शिव में उनकी गहरी आस्था है। राघव पिछले साल अपने जन्मदिन के अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे थे, जहां दर्शन के बाद वे गंगा आरती में भी शामिल हुए थे। राघव और परिणीति की शादी साल 2023 में उदयपुर में हुई थी।