एक्टर आयुष्मान खुराना और एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना की फिल्म 'थामा' को लेकर फैंस में काफी क्रेज नजर आ रहा है। वे बेसब्री से इसका सिनेमाघरों में रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच मेकर्स ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाते हुए आज शुक्रवार (26 सितंबर) को इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया। यह सोशल मीडिया पर आते ही छा गया। इसमें हॉरर के साथ कॉमेडी का भी जबरदस्त तड़का देखने को मिला। दो दिन पहले ही मैडॉक फिल्म्स ने दिलचस्प अंदाज में तीन पोस्ट शेयर कर ट्रेलर के संकेत दे दिए थे। ट्रेलर की शुरुआत नवाजुद्दीन सिद्दीकी के डायलॉग के साथ होती है। इसके बाद इसमें आयुष्मान की धमाकेदार एंट्री दिखाई जाती है।
वे रश्मिका के इश्क में पड़ जाते हैं और यहां से उनकी लाइफ एक जबरदस्त करवट लेती है। परेश रावल, आयुष्मान के पिता के रोल में दिखे। ट्रेलर को एक बड़ी इवेंट में लॉन्च किया गया। इस दौरान आयुष्मान के साथ श्रद्धा कपूर भी नजर आईं। इसी अवसर पर अपने प्रशंसकों को सरप्राइज देते हुए निर्माता और श्रद्धा ने हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का लोगो जारी किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। ‘थामा’ दिवाली के मौके पर 21 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में 'भेड़िए' और 'स्त्री' की भी झलक देखने को मिलेगी।
‘स्त्री’ और ‘मुंज्या’ के बाद मैडॉक इस फिल्म में एक वैंपायर की कहानी लेकर आया है। आदित्य सरपोतदार ने इसका निर्देशन किया है, जिन्होंने पिछली बार हॉरर कॉमेडी फिल्म 'मुंज्या' के निर्देशन की कमान संभाली थी और उनकी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी। पहली बार रश्मिका और आयुष्मान स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। आयुष्मान की पिछली फिल्म साल 2023 में आई ‘ड्रीम गर्ल 2’ थी। इसमें उनके साथ अनन्या पांडे थीं। यह कॉमेडी फिल्म हिट रही। तब से ही फैंस को आयुष्मान की अगली फिल्म का इंतजार है। दूसरी ओर, रश्मिका की इस साल तीन फिल्में ‘छावा’, ‘सिकंदर’ और ‘कुबेरा’ रिलीज हो चुकी है।
एनिमेटेड मूवी 'महायोद्धा राम' दिवाली के मौके पर 17 अक्टूबर को होगी रिलीजदशहरा से पहले भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित एक एनिमेटेड फिल्म 'महायोद्धा राम' का टीजर सामने आया है, जिसे आज शुक्रवार (26 सितंबर) को रिलीज कर दिया गया। यह 3D एनिमेटेड फिल्म दर्शकों को रामायण की कालजयी कहानी को एक नए और आकर्षक अंदाज में पेश करेगी। फिल्म का निर्माण कंटिलो पिक्चर्स ने किया है, जो पहले 'स्टेट ऑफ सीज: टेंपल अटैक' और 'ताज : रेन ऑफ रिवेंज' जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए चर्चित रही। फिल्म 17 अक्टूबर दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
एक्टर कुणाल कपूर ने भगवान राम को अपनी आवाज दी है, जबकि मौनी रॉय की आवाज माता सीता के किरदार के साथ सुनाई देगी। लक्ष्मण के लिए जिम्मी शेरगिल और रावण के लिए गुलशन ग्रोवर अपनी दमदार आवाज से जान डाली है। फिल्म का डायरेक्शन रायजादा रोहित जयसिंग वैद ने किया है और इसे अभिमन्यु सिंह व रूपाली सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म का संगीत आदेश श्रीवास्तव और सौव्यक चक्रवर्ती ने तैयार किया है, जबकि गीत मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं। टीजर में दिखाए गए दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसमें भगवान राम की वीरता, माता सीता की पवित्रता और रावण की शक्ति का शानदार चित्रण किया गया है। रामायण की इस कहानी को आधुनिक तकनीक और 3D एनिमेशन के जरिए पेश करना एक अनूठा प्रयास है।