2 News : ‘किस किसको प्यार करूं 2’ के सेट पर बेहोश हुईं एक्ट्रेस, इस एक्ट्रेस ने शेयर की पहली वेडिंग एनिवर्सरी की तस्वीरें

इन दिनों कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ सुर्खियां बटोर रही है। फैंस में इस कॉमेडी फिल्म के लिए जबरदस्त क्रेज है। वे उम्मीद कर रहे हैं कि फिल्म के पहले पार्ट की जैसे दूसरा पार्ट भी मनोरंजन से भरपूर होगा। इस बीच फिल्म के सेट से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने फैंस को चिंता में डाल दिया। फिल्म की शूटिंग भोपाल में चल रही है और वहां से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सेट पर एक्ट्रेस आयशा खान अचानक बेहोश हो गईं। भोपाली पॉइंट्स ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो शेयर किया है।

इसमें आयशा की टीम बेहोश होने के बाद उनकी हेल्प करती हुई दिखाई दे रही है। आगे आयशा एक कुर्सी पर बैठी हुई नजर आती हैं, जबकि उनकी टीम उनका ख्याल रख रही है और उनको पानी पिलाती है। आयशा ने ‘बिग बॉस 17’ में बतौर वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट हिस्सा लिया था और अब वो इस फिल्म में नजर आने वाली हैं। फिल्म का ऐलान कुछ समय पहले ही हुआ है और जनवरी से इसकी शूटिंग शुरू हुई है। कपिल का नाम तो पहले ही फाइनल है, लेकिन अभी तक आयशा को लेकर मेकर्स की तरफ से कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है।

उल्लेखनीय है कि यह 2015 की हिट 'किस किस को प्यार करूं' फिल्म का सीक्वल है। उसका निर्देशन अब्बास मस्तान ने किया था। उसमें कपिल के साथ साई लोकुर, जेमी लीवर, अरबाज खान, मंजरी फडनीस, सिमरन कौर मुंडी, एली अवराम, वरुण शर्मा, सुप्रिया पाठक, शरत सक्सेना और मनोज जोशी की अहम भूमिका थी। सीक्वल के डायरेक्टर अनुकल्प गोस्वामी हैं। इसका निर्माण रतन जैन और गणेश जैन वीनस वर्ल्डवाइड एंटरटेनमेंट के तहत अब्बास मस्तान फिल्म प्रोडक्शन की मदद से करेंगे।
‘इश्कबाज’ फेम एक्ट्रेस सुरभि चंदना ने पिछले साल की थी करण शर्मा के साथ शादी

टीवी एक्ट्रेस सुरभि चंदना की शादी का एक साल पूरा हो गया है। सुरभि ने 2 मार्च को शादी की पहली एनिवर्सरी सेलिब्रेट की है। ‘इश्कबाज’ फेम सुरभि ने अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड करण शर्मा संग शादी रचाई है। सुरभि ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जश्न की झलक दिखाई है। इंस्टाग्राम पर सुरभि ने फोटो के साथ-साथ कुछ वीडियो भी शेयर किए हैं। इस पोस्ट को साझा करते हुए एक्ट्रेस ने प्यारभरा कैप्शन लिखा है।

सुरभि ने लिखा है, “बहुत ही सुंदर सरप्राइज मिला (जब आपके पास करण जैसा पति हो) चेंज के लिए पूरे परिवार के साथ मस्ती की और इस दिन को सेलिब्रेट किया।” इसी के साथ सुरभि ने ये भी बताया है कि वह और करण अपने नए गाने पर काम कर रहे हैं तो ऐसे में उन्हें अपनी ट्रिप का प्लान कैंसिल करना पड़ा है। सुरभि आगे लिखती है कि इससे बड़ी खुशी और क्या होगी कि आप अपने इस खास दिन को पूरे परिवार के साथ मनाएं।

इसी के साथ ही सुरभि ने एक-एक फोटो के बारे में डिटेल दी है। बता दें सुरभि ने टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से एक्टिंग करिअर की शुरुआत की थी। उन्हें पहचान ‘इश्कबाज’ के जरिए मिली। शो में नकुल मेहता के साथ उनकी केमेस्ट्री को लोगों ने काफी पसंद किया। सुरभि के खाते में ‘दिल बोले ओबेराय’, ‘नागिन 5’ और ‘संजीवनी’ जैसे शो भी हैं। सुरभि ने वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियो में भी काम किया है।