भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका निधन कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि उन्हें शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी। अब उनके निधन की खबर सामने आने के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिवार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। जैसे ही यह खबर सार्वजनिक हुई, सोशल मीडिया पर प्रशंसकों, संगीत प्रेमियों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करना शुरू कर दिया। हर कोई इस महान गायिका के निधन से स्तब्ध नजर आ रहा है।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद बिगड़ी तबीयतजानकारी के अनुसार, आशा भोसले को अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उन्हें इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में निगरानी में रखा गया था। इससे पहले उनकी तबीयत को लेकर जानकारी उनकी पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया पर साझा की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा था कि दादी को अत्यधिक थकान और छाती में संक्रमण की समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है और डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। परिवार ने उम्मीद जताई थी कि वह जल्द स्वस्थ हो जाएंगी, लेकिन हालात ने दुखद मोड़ ले लिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी जताई थी चिंताउनकी तबीयत बिगड़ने से कुछ घंटे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि आशा भोसले जी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर वह चिंतित हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। यह संदेश सामने आने के बाद उनके चाहने वालों में भी उम्मीद जगी थी, लेकिन दुर्भाग्यवश यह खबर शोक में बदल गई।
भारतीय संगीत की अमर आवाजआशा भोसले का नाम भारतीय संगीत इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने अपने लंबे और शानदार करियर में आठ दशकों से अधिक समय तक संगीत की दुनिया को अपनी आवाज़ से सजाया। बताया जाता है कि उन्होंने अपने करियर में लगभग 12 हजार से अधिक गीतों को अपनी आवाज दी, जो एक अद्वितीय उपलब्धि है।
उनके गाए हुए कई गीत आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में बसे हुए हैं, जिनमें ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’, ‘ये मेरा दिल’, ‘चुरा लिया है तुमने’, ‘इन आँखों की मस्ती के’ और ‘दिल चीज क्या है’ जैसे सदाबहार गाने शामिल हैं।
हर शैली में दिखाई अपनी प्रतिभाआशा भोसले ने केवल फिल्मी गीतों तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि ग़ज़ल, भजन, पॉप और शास्त्रीय संगीत जैसी विभिन्न शैलियों में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा। उनकी गायकी की विविधता ने उन्हें हर पीढ़ी के श्रोताओं के बीच लोकप्रिय बनाए रखा।
दिग्गज संगीतकारों के साथ यादगार सफरअपने लंबे करियर में उन्होंने ओ.पी. नैयर, आर.डी. बर्मन और ए.आर. रहमान जैसे महान संगीतकारों के साथ काम किया और कई यादगार गीतों को जन्म दिया। उनकी आवाज ने हर दौर में संगीत को एक नई पहचान दी।
सम्मान और उपलब्धियांआशा भोसले को उनके योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिनमें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और पद्म विभूषण शामिल हैं। उन्हें दुनिया के सबसे अधिक गीत रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में भी गिना जाता है।