अर्जुन-मलाइका के बीच ‘ऑल इज वैल’, वीडियो वायरल, कंगना ने ऐसे की महिला वैज्ञानिकों की तारीफ

एक्टर अर्जुन कपूर और एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा के ब्रेकअप को लेकर इन दिनों कई खबरें सामने आई हैं। इन खबरों ने उस वक्त ज्यादा तूल पकड़ा जब अर्जुन को सोशल मीडिया इनफ्लूएंसर एक्ट्रेस कुशा कपिला के साथ एक पार्टी में स्पॉट किया गया। अब इस कहानी में एक नया ट्विस्ट आया है। अर्जुन-मलाइका को एक बार फिर से साथ स्पॉट किया गया है।

वे रविवार दोपहर बांद्रा में बारिश के बीच एक रेस्त्रां के बाहर एक-दूसरे की बाहों में बाहें डाले नजर आए। इस दौरान मलाइका जहां व्हाइट जंप सूट ड्रेस में नजर आईं तो वहीं अर्जुन ब्लैक टी-शर्ट और ट्राउजर में स्पोर्टी लुक में दिखे। वे काफी खुश नजर आ रहे थे। इसी के साथ ही दोनों ने अपने फैंस को खुश होने का मौका दे दिया। यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। इस पर फैंस के अलग-अलग रिएक्शन आ रहे हैं।

इससे पहले शनिवार को इंटरनेशनल डॉग डे पर मलाइका ने अपने डॉगी के साथ वीडियो पोस्ट किया। इस पर अर्जुन ने प्यार भरा कमेंट कर बता दिया था कि उनके बीच कुछ भी नहीं बिगड़ा। बता दें कि मलाइका की अरबाज खान से तलाक लेने के बाद अर्जुन के साथ नजदीकियां बढ़ी थीं। दोनों लम्बे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। अर्जुन, मलाइका से 10-12 साल छोटे हैं।

चंद्रयान-3 मिशल की सफलता से उत्साहित हैं कंगना रनौत

एक्ट्रेस कंगना रनौत अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में छाई रहती हैं। वह बोल्ड और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। अब कंगना ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के पीछे इसरो की महिला वैज्ञानिकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सादा जीवन और उच्च विचार का प्रतीक हैं। कंगना ने रविवार को इंस्टाग्राम स्टोरीज पर इसरो की महिला वैज्ञानिकों की एक तस्वीर साझा की।

इसके साथ ही उन्होंने लिखा, भारत के प्रमुख वैज्ञानिक, वे सभी बिंदी, सिन्दूर और मंगल सूत्र के साथ... सादा जीवन और उच्च विचार के प्रतीक... भारतीयता का सच्चा सार। कंगना अपनी अपकमिंग फिल्म 'चंद्रमुखी 2' को लेकर काफी चर्चा में हैं। इसमें उनके साथ राघव लॉरेंस भी हैं और यह रजनीकांत और ज्योतिका अभिनीत ब्लॉकबस्टर तमिल फिल्म चंद्रमुखी की सीक्वल है।

यह हॉरर कॉमेडी 15 सितंबर को गणेश चतुर्थी के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा कंगना राजनीतिक ड्रामा फिल्म 'इमरजेंसी' को लेकर भी चर्चाओं में हैं। इसमें कंगना पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रोल निभाएंगी। यह फिल्म भी इसी साल 24 नवंबर को रिलीज होगी।