अरिजीत सिंह (37) को मौजूदा दौर के बेस्ट सिंगर्स में शुमार किया जाता है। वे लंबे समय से अपनी आवाज से लोगों का दिल जीत रहे हैं। फैंस को अरिजीत के गाने बेहद पसंद आते हैं। अरिजीत गानों के साथ अपनी सादगी के लिए भी चर्चाओं में रहते हैं। इस बीच उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। ये वीडियो उनके लाइव कॉन्सर्ट का है। अरिजीत परफॉर्म करते देखे जा सकते हैं। इसी बीच उनके पास एक कॉल आता है और इसका वे जिस तरह जवाब देते हैं अब उसकी चर्चा हो रही है। वीडियो मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोग सिंगर की तारीफें करते नहीं थक रहे।
इंस्टाग्राम पर एक सोशल मीडिया पेज ने यह वीडियो पोस्ट किया है। बता दें अरिजीत चंडीगढ़ में परफॉर्म कर रहे थे, तभी उनका मोबाइल बज उठता है। अरिजीत के पिता का वीडियो कॉल आया था। इसके बावजूद अरिजीत ना तो अपनी परफॉर्मेंस रोकते हैं और ना ही फोन कट करते हैं। वे कॉल रिसीव करते हैं, अपने पिता से बात करते हैं। वे दो पल के लिए बेहद प्यार से पिता की ओर निहारते हैं। इसके बाद वे ऑडियंस को भी मोबाइल घुमाकर उसकी स्क्रीन दिखाते हैं और कहते हैं, “पापा का कॉल है।” खास बात ये है कि पिता को मोबाइल की स्क्रीन पर देखते हुए अरिजीत पूरी शिद्दत के साथ 'लापता लेडीज' मूवी का गाना 'ओ सजनी रे' गाते रहे।
अरिजीत का पिता के बारे में बताना फैंस को उत्साह से भर गया और जोरदार चीयरिंग हुई। अरिजीत के इस जेस्चर ने फैंस का दिल जीत लिया। वे अरिजीत की सादगी और संस्कारों की तारीफ कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा, “गर्व से भरे एक बेटे के लिए ये बेस्ट फीलिंग है।” एक अन्य फैन ने लिखा, “एकदम प्योर और सच्चा इंसान। अरिजीत एकदम हीरा हैं।” एक और कमेंट है, “कभी अपने पैरेंट्स के फोन को नजरअंदाज मत करना।”
लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं अरिजीत, जीते हैं साधारण लाइफस्टाइलउल्लेखनीय है कि अरिजीत के सरल स्वभाव ने उन्हें भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री में सबसे लोकप्रिय कलाकारों में से एक बना दिया है। चार्ट-टॉपिंग हिट के साथ ग्लोबल सनसनी होने के बावजूद वे हमेशा विनम्र और अपनी जड़ों से जुड़े रहे हैं। अरिजीत की जर्नी किसी इंस्पीरेशन से कम नहीं रही है। एक रियलिटी शो में एक कंटेस्टेंट से लेकर बॉलीवुड के सबसे फेमस सिंगर बनने तक, उन्होंने एक लंबा सफर तय किया है।
अपनी सफलता के बावजूद अरिजीत लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं। अक्सर उन्हें साधारण आउटफिट में देखा जाता है और वे अपने होमटाउन मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) में एक साधारण लाइफस्टाइल जीते हैं। बॉलीवुड का हर एक्टर चाहता है कि फिल्मों में अरिजीत उनकी आवाज बनें।