2 News : अनुराग ने AI मूवी के प्रोड्यूसर से कहा, तुम्हें गटर में होना चाहिए, धनश्री ने चहल की Sugar Daddy टी-शर्ट पर दी रिएक्शन

फिल्ममेकर अनुराग कश्यप अपनी फिल्मों के साथ बेबाक बयानबाजी के लिए भी मशहूर हैं। मुद्दा चाहे जो हो उनके बिंदास बोल होते हैं, जो उन्हें सुर्खियों में बनाए रहते हैं। अनुराग बिना लाग लपेट के अपनी राय व्यक्त करते हैं, जो कई दफा चुभने वाली भी होती है। अब अनुराग ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) की मदद से बनी फिल्म 'चिरंजीवी हनुमान - दि एटरनल' के प्रोड्यूसर विजय सुब्रमण्यम पर निशाना साधा है। यह फिल्म अबंडंटिया एंटरटेनमेंट और कलेक्टिव मीडिया नेटवर्क की हिस्ट्रीवर्स के जरिए बनाई जा रही है। इसे भारत की पहली ‘मेड इन एआई’ थिएट्रिकल फिल्म बताया जा रहा है। अनुराग ने इंस्टाग्राम पर विजय पर हमला बोलते हुए कहा कि वे क्रिएटर्स की भलाई के बजाय सिर्फ मुनाफे के पीछे भाग रहे हैं।

अनुराग ने लिखा, “यह वही शख्स है जो एक टैलेंट एजेंसी का हेड है और कलाकारों, राइटर्स व डायरेक्टर्स को रिप्रेजेंट करता है, लेकिन अब वही AI से फिल्म बना रहा है। अगर आपको लगता है कि AI असली कलाकारों से बेहतर है, तो यह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का फ्यूचर है, जहां स्पाइनलेस और डरपोक कलाकार ही रह जाएंगे। जो भी एक्टर या कलाकार खुद को कलाकार मानते हैं, उन्हें इस कदम का विरोध करना चाहिए या फिर ऐसी एजेंसी छोड़ देनी चाहिए।” उन्होंने विजय को ‘शर्मनाक’ बताया और कहा कि वे क्रिएटर्स की इज्जत नहीं करते।

अनुराग ने पोस्ट के आखिर में लिखा, “हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के रीढ़विहीन और कायर कलाकारों का यही भविष्य है। शाबाश विजय सुब्रमण्यम। शर्म तुम्हारे लिए काफी नहीं है…तुम्हें तो गटर में होना चाहिए।” अनुराग से पहले फिल्ममेकर विक्रमादित्य मोटवानी ने भी इस फिल्म की घोषणा होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “और ये शुरू हो गया...अब जब सब कुछ 'Made in AI' है, तो राइटर्स और डायरेक्टर्स की किसे जरूरत है?”

बता दें पूरी दुनिया में AI के इस्तेमाल पर हर क्षेत्र के लोग चिंता जता रहे हैं। आशंका है कि इससे लाखों-करोड़ों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। जहां तक फिल्म 'चिरंजीवी हनुमान - दि एटरनल' की बात है तो इसे 2026 में हनुमान जयंती के मौके पर रिलीज करने की योजना है। मेकर्स का दावा है कि यह प्रोजेक्ट Made-in-AI, Made-in-India का पहला उदाहरण होगा।
इस साल की शुरुआत में हो गया था युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा का तलाक

क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा इस साल की शुरुआत में अलग हो गए थे। उनकी शादी करीब 4 साल ही चली। अब धनश्री ने एक शो में अपनी जिंदगी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर बात की। कोर्ट हियरिंग के समय चहल ने ‘Be Your Own Sugar Daddy’ लिखी हुई टी-शर्ट पहनी थी। इसके बाद चहल ने बताया था कि ये टी-शर्ट पहनने के पीछे की वजह धनश्री को उनका आखिरी संदेश देने का तरीका था।

अब इस घटना पर धनश्री ने कहा कि इस विवाद से पहले ही मुझे अंदाजा था कि तलाक के लिए लोग मुझे ही जिम्मेदार ठहराएंगे। धनश्री ने मजाक में चहल से कहा कि अरे भाई, व्हाट्सऐप कर देता…टी-शर्ट क्यों पहननी थी। उस पल मैंने टूटने के बजाय यह फैसला किया कि अब मैं पीछे मुड़कर नहीं देखूंगी और जिंदगी में आगे बढ़ूंगी। मैं बेवजह के ड्रामे में पड़ने के बजाय मैच्योरिटी को चुनना पसंद करूंगी। अक्सर औरतों को यह सिखाया जाता है कि वे समझौता करें और शादी को किसी भी हाल में बनाए रखें।

तलाक कभी आसान नहीं होता और इसे जश्न की तरह नहीं मनाना चाहिए। मैंने हमेशा मैच्योरिटी दिखाने का फैसला किया, बजाय ऐसे बयान देने के जो भले ही पब्लिक को पसंद आते, लेकिन पारिवारिक मूल्यों को ठेस पहुंचाते। मैं अपने पारिवारिक मूल्यों या उनके पारिवारिक मूल्यों को आहत नहीं करना चाहती। हमें सम्मान बनाए रखना होगा। दर्द और दुख को स्वीकार करना जरूरी है, लेकिन अलगाव किसी को भी अपमानित करने का बहाना नहीं बनना चाहिए।