राज शमानी के पॉडकास्ट में कई सेलेब्रिटीज आ चुके हैं। इनमें विजय माल्या, बिल गेट्स, जाकिर खान, भारती सिंह, आमिर खान, युजवेंद्र चहल, ललित मोदी समेत कई दिग्गज शामिल हैं। उनके पॉडकास्ट पर मिलियन में व्यूज हैं, जिसका मतलब है कि राज के अंदाज को पसंद करने वालों की कोई कमी नहीं है। पिछले महीने राज के शो पर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर पहुंचे थे। अब अनुपम ने बिना नाम लिए राज पर निशाना साधते हुए उन्हें फेक बताया है। दरअसल अनुपम हाल ही में ‘चलचरित्र टॉक्स’ पॉडकास्ट पर अपनी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे, जो जुलाई में रिलीज हुई थी।
यहां अनुपम ने होस्ट से पूछा कि क्या उन्होंने उनकी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ देखी है। इसके जवाब में जब होस्ट ने ना कहा तो अनुपम ने समझाते हुए कहा कि किसी भी गेस्ट को बुलाने से पहले उसकी लेटेस्ट फिल्म या काम को देखना बेहद जरूरी है। अनुपम ने कहा कि आपको अपने गेस्ट की रिसर्च करनी चाहिए। उनकी नई फिल्म देखनी चाहिए। वरना बुलाने का क्या मतलब है? और हां, इसे एडिट मत करना, इसे फाइनल कट में रहने देना। इसी दौरान अनुपम ने राज का नाम लिए बिना कहा कि हाल ही में एक पॉडकास्ट पर उनसे लाइफ एडवाइस मांगी गई थी।
अनुपम ने कहा कि मैंने सलाह दी जिसे बाद में काट दिया गया। मैंने सलाह देते हुए कहा था, “बेटा, सक्सेस को कभी सिर पर मत चढ़ने देना। सफलता का मतलब और ज्यादा विनम्र बनना होना चाहिए। तुम छोटे शहर से आए हो, वो सादगी बनी रहनी चाहिए।” लेकिन राज ने इस हिस्से को पॉडकास्ट से हटा दिया। इस बात से नाराज होकर अनुपम ने कहा कि इसका मतलब वो फेक हैं। आपने मुझसे खुद सलाह मांगी और फिर उस हिस्से को काट दिया। जब भी मैं उन्हें सही और सच्ची होने की बात करते सुनूंगा, मुझे हमेशा शक रहेगा। फिलहाल राज ने इस पर कोई रिएक्शन नहीं दी है। बता दें कि अनुपम 500 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। लोग उन्हें हर रोल में पसंद करते हैं फिर वो चाहे विलेन हो या कॉमेडियन। अनुपम सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं और आए दिन फोटो-वीडियो पोस्ट करते हैं।
प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बन रही है ‘हैवान’, अक्षय ने वीडियो शेयर कर सैफ को कहा ‘शैतान’अक्षय कुमार और सैफ अली खान 18 सालों बाद फिर एक साथ नजर आने वाले हैं। उनकी नई फिल्म ‘हैवान’ की शूटिंग कोच्चि में शुरू हो चुकी है। इसके डायरेक्टर प्रियदर्शन हैं, जो पहले भी इन दोनों के साथ कई सफल फिल्में बना चुके हैं। अक्षय ने अपने इंस्टाग्राम पर एक मनोरंजक वीडियो साझा कर इस नई यात्रा की घोषणा की, जिसमें वह सैफ के साथ मजाक करते दिख रहे हैं। अक्षय ने सैफ को वीडियो में कहा कि मैं इस ‘शैतान’ को अच्छे से जानता हूं। सैफ भी इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं और प्रियदर्शन के साथ काम करने को मजेदार मानते हैं।
कोच्चि में शूटिंग के पहले दिन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कोच्चि के खूबसूरत स्थानों पर फिल्म की शूटिंग जारी है और जल्द ही इसका अगला शेड्यूल शुरू होगा। इसकी रिलीज डेट की अभी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावना है कि यह अगले साल थिएटर्स तक पहुंचेगी। ‘हैवान’ एक कॉमेडी और ड्रामा से सजी फिल्म है, क्योंकि प्रियदर्शन अपनी अनोखी कहानी कहने की कला के लिए जाने जाते हैं। अक्षय और सैफ की जोड़ी ने पहले ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ और ‘ये दिल्लगी’ जैसी हिट फिल्मों में अपनी छाप छोड़ी है और अब दर्शकों को उनकी जोड़ी से फिर से वैसी ही रोचक केमिस्ट्री की उम्मीद है।