मशहूर गायक अनूप जलोटा (71) कई सालों से अपनी सिंगिंग की चमक बिखेर रहे हैं। उनकी पहचान खास तौर पर भजन गायक के रूप में है। उनके गाए हुए भजन लोगों को भक्ति में डूबने के लिए मजबूर कर देते हैं। अनूप ने कुछ साल पहले फैंस को तब चौंका दिया था जब उन्होंने सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 12’ में जसलीन मथारू संग हिस्सा लिया था। शो में रोमांटिक कपल के रूप में एंट्री को लेकर दोनों चर्चाओं में रहे थे। इसका एक कारण उनकी उम्र में 36 साल का फासला भी था। अब अनूप ने खुलासा किया है कि कैसे जसलीन के पिता ने उन्हें शो में हिस्सा लेने के लिए मनाया।
वे हैरान थे जब शो में उन्हें जसलीन का लव इंट्रेस्ट बताकर मिलवाया गया। अनूप ने लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगर आप जसलीन की गायकी सुनेंगे तो वह बहुत टेलेंटेड हैं। वह मेरे पास करीब 5-6 बार गायकी की क्लास लेने आई थीं। उसने मुझे एक बार कहा था कि उसे ‘बिग बॉस’ में हिस्सा लेने का ऑफर मिला है। मैंने कहा ये तो अच्छी बात है। तुम्हें फेम मिलेगा। वह ग्रुप्स में डांस और सिंगिंग करती थीं। अनूप ने सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में बताया कि शो के लिए एक शर्त थी कि आप सिर्फ़ एक अनोखी जोड़ी के रूप में ही जा सकते थे। मैंने उनसे सुखविंदर जी को लेने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्होंने मना कर दिया है।
मैंने भी पहले मना कर दिया था क्योंकि मेरे पास बहुत सारे कॉन्सर्ट थे। जसलीन के पिता आए और मुझे मना लिया। आखिरकार मैं एक शर्त पर मान गया। हम गुरु और शिष्य के रूप में जाएंगे। वह मान गईं। मैं सलमान से मिला और उसे शिष्य के रूप में मिलवाया। उसने अच्छा गाया भी लेकिन जब सलमान ने पूछा कि क्या वह मेरी शिष्य है तो उसने कहा कि हम 3 साल से रिलेशनशिप में हैं। मैंने सोचा ये क्या हो गया? ये तो नहीं हुआ था। हम एक-दूसरे के बारे में जानते भी नहीं हैं अच्छी तरह से। मैं हैरान था लेकिन मुझे लगा कि यह गेम का एक पार्ट हो सकता है।
किसी ने उसे ऐसा कहने के लिए कहा होगा, क्या पता ‘बिग बॉस’ टीम ने कहा हो। मैंने उसे कंफ्रंट नहीं किया कभी। मैं समझ गया कि पीठ पीछे कोई गेम चल रहा है और क्या पता वह इसे पाने के लिए ऐसा कर रही है और उसने ऐसा किया भी। ‘बिग बॉस’ हाउस से निकलने के साढ़े चार महीने बाद मीडिया में कई तरह की अफवाह उड़ीं। मैंने अपने घर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और जसलीन के पिता भी वहां थे। हम दोनों बैठे और मीडिया को बताया कि हम उसकी शादी में उसका कन्यादान करेंगे। इसके बाद कोई सवाल रह नहीं गया पूछने के लिए। ‘बिग बॉस’ के बाद से मैं जसलीन से बात नहीं कर रहा हूं, जबकि मैं उनके पिता के टच में हूं।
अनूप जलोटा ने की हैं 3 शादियां, दो से हुआ तलाक और तीसरी पत्नी का निधनअनुप की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनकी तीन शादियां हुई हैं। अनूप को पहला प्यार सोनाली सेठ के रूप में मिला। सोनाली एक गुजराती परिवार से ताल्लुक रखती हैं और पार्श्वगायक, गजल और भजन गायिका भी हैं। संगीत की पढ़ाई के दौरान ही उन्हें अनूप से प्यार हो गया और शादी कर ली। शादी ज्यादा दिन नहीं चली और तलाक हो गया। सोनाली ने मशहूर गायक रूप कुमार राठौड़ और अनूप ने बीना भाटिया के साथ दूसरी शादी कर ली।
ये एक अरेंज मैरिज थी। हालांकि एक बार फिर से अनूप का तलाक हो गया। इसके बाद अनूप ने मेधा गुजराल के साथ विवाह किया। मेधा पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री दिवंगत इंद्र कुमार गुजराल की भतीजी और दिग्गज डायरेक्टर शेखर कपूर की पहली पत्नी थीं। अनूप व मेधा के एक बेटा आर्यमान है। साल 2014 में लीवर फेल होने और दूसरी बार हार्ट अटैक से मेधा ने दुनिया को अलविदा कह दिया।