डायरेक्टर अनुभव सिन्हा (59) ने शाहरुख खान को लेकर ‘रा.वन’ (2011) फिल्म बनाई थी। फिल्म की स्टोरीटेलिंग, राइटिंग और कॉन्सेप्ट लोगों को बहुत पसंद आया था। हालांकि फिल्म चली नहीं। हाल ही में अनुभव ने द लल्लनटॉप के शो ‘गेस्ट इन द न्यूज रूम’ में शिरकत की थी, जहां उन्होंने फिल्म से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए। अनुभव ने कहा कि जब फिल्म का दूसरा हफ्ता चल रहा था, उस वक्त तक ये पता चल गया था कि फिल्म वैसी नहीं जाएगी जैसी सोची गई थी।
तो मेरी फ्लाइट लंदन से थी, तब मैं सोचा कि मैं एक दिन रुकूंगा और किशोर लुल्ला को मिलकर सवाल पूछूंगा। तब मैं बहुत डिप्रेशन में था। उस वक्त ब्लैक बेरी मैसेज हुआ करते थे, उस पर फिल्म को लेकर अजीब सी बातें हो रही थीं। और मैं जब कह रहा हूं कि कमजोर फिल्म थी तो मैं बतौर निर्देशक कह रहा हूं कि मुझसे वहां क्या कमी रह गई। बहुत सारे लोग ऐसे हैं जिनको वो फिल्म बहुत पसंद भी है, ये 50-50 का आंकड़ा है।
लेकिन एक वो दौर था जब मेरा ऐसा मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री के अंदर एक बड़ा तबका ऐसा था, जो शाहरुख को गिरते हुए देखना चाहता था। तो मेरा ऐसा मानना है और मैं काफी समय तक उस इंडस्ट्री में रहा हूं तो मैं उस इंडस्ट्री को बहुत अच्छे से जानता हूं। उल्लेखनीय है कि अनुभव पहले भी शाहरुख के बारे में ऐसी बात कह चुके हैं। अनुभव ‘मुल्क’, ‘आर्टिकल 15’, ‘थप्पड़’ जैसी कई कमाल की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
अनुभव सिन्हा ने कहा, मेरी अजय से कभी कोई लड़ाई नहीं हुई, वो बस मुझसे बात नहीं करते और…अनुभव सिन्हा ने खुलासा किया कि अजय देवगन से उनकी पिछले 18 सालों से कोई बातचीत नहीं हुई है। साल 2007 में आई फिल्म 'कैश' में दोनों ने साथ काम किया था, लेकिन उसके बाद से दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं रहा। अनुभव ने कहा कि हमारी कभी कोई लड़ाई नहीं हुई। वो बस मुझसे बात नहीं करते और मुझे नहीं पता क्यों, शुरुआत में मैंने सोचा कि शायद वो बिजी होंगे या मैसेज मिस हो गया होगा, लेकिन अब 18 साल हो चुके हैं। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं हुआ।
प्रोड्यूसर और फाइनेंसर के बीच कुछ दिक्कतें थीं, लेकिन मेरा उससे कोई लेना-देना नहीं था। कहा जाता था कि 'कैश' के एक गाने को लेकर अजय और अनुभव के बीच अनबन हुई थी, लेकिन अनुभव ने इस बात को पूरी तरह नकार दिया। अनुभव ने माना कि शायद उनके राजनीतिक विचारों पर की गई टिप्पणियों से अजय नाराज हो गए होंगे।
अनुभव ने कहा कि मैंने सोशल मीडिया पर कई लोगों के राजनीतिक विचारों पर टिप्पणी की थी, शायद मैंने अजय के बारे में भी कुछ कह दिया हो। लेकिन मैं आज भी उनका बहुत सम्मान करता हूं। अजय मेरे पसंदीदा एक्टर्स में से एक थे। वो बहुत मजेदार इंसान हैं, दोस्ती निभाने वाले, हमेशा दोस्तों के लिए खड़े रहने वाले।