‘अंतिम’ से ‘भाई का बर्थडे’ गाने का ट्रेलर और ‘RRR’ का पोस्टर आया सामने, जानें-‘बधाई दो’ की रिलीज डेट

सलमान खान की फिल्म अंतिम : द फाइनल ट्रुथ का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। फिल्म में सलमान के साथ उनके बहनोई यानी अर्पिता के पति आयुष शर्मा मुख्य रोल में हैं। इसका पहला गाना ‘विघ्नहर्ता’ गणेश चतुर्थी के मौके पर रिलीज किया गया था। इसमें एक्टर वरुण धवन भी दिखे थे। अब फिल्म का दूसरा गाना ‘भाई का बर्थडे’ रिलीज होने वाला है। निर्माताओं ने शनिवार को गाने का ट्रेलर रिलीज कर दिया। इसे गैंगस्टर की भूमिका निभा रहे आयुष पर फिल्माया गया है, जहां वे गिरोह के एक लीडर का जन्मदिन मना रहे हैं।

आयुष के देसी डांस मूव्स के साथ बर्थडे मनाया जा रहा है। गाने को मुदस्सर ने कोरियोग्राफ किया है। ये गाना 1 नवंबर को रिलीज किया जाएगा। इस मौके पर आयुष जयपुर स्थित विश्व विख्यात राजमंदिर थिएटर का दौरा करेंगे और उन सभी फैंस से मिलेंगे जिनका जन्मदिन नवंबर में आता है। गाने को हितेश मोदक ने कंपोज किया है, बैकग्राउंड वोकल्स साजिद खान ने दिए हैं। महेश मांजरेकर के डायरेक्शन वाली यह फिल्म 26 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।


आरआरआर में आलिया भट्ट और अजय देवगन की भी है खास भूमिका

डायरेक्टर एसएस राजामौली लंबे समय से फिल्म 'आरआरआर' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। उन्होंने शुक्रवार से मुंबई में फिल्म का प्रमोशन शुरू कर दिया। राजामौली ने इसी दिन फिल्म की पहली झलक (प्रोमो) दिखाने की योजना बनाई थी, लेकिन कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार के आकस्मिक निधन के कारण इस स्थगित कर दिया गया। बहरहाल मेकर्स ने शनिवार को एक नया पोस्टर जारी किया है। साथ ही ये घोषणा की है कि फिल्म का पहला टीजर 1 नवंबर को रिलीज होगा। पोस्टर में अभिनेता जूनियर एनटीआर और रामचरण तेजा दमदार लुक में दिखाई दे रहे हैं।

पिछले हफ्ते निर्माताओं ने घोषणा की थी कि फिल्म का प्रचार 29 अक्टूबर से शुरू होगा। वे भारत के कई शहरों में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। फिल्म के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने एक नया अपडेट साझा किया है, जिसमें लिखा है, 1 नवंबर को सुबह 11 बजे #RRRMovie की 45-सैकंड की झलक जारी #RRRGlimpse फिल्म में आलिया भट्ट और अजय देवगन भी मुख्य भूमिका में हैं। 'आरआरआर' तेलुगु स्वतंत्रता सेनानियों, अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम के जीवन पर आधारित एक काल्पनिक कहानी है। डीवीवी दानय्या द्वारा निर्मित आरआरआर 7 जनवरी 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


बधाई दो फिल्म में पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगे राजकुमार और भूमि

राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर स्टारर 'बधाई दो' 2022 के गणतंत्र दिवस वीकेंड में थिएटरों में रिलीज की जाएगी। डायरेक्टर हर्षवर्धन कुलकर्णी ने कहा कि जब पारिवारिक मनोरंजन विशेष रूप से कॉमेडी फिल्मों की बात आती है, तो सिनेमा एक आदर्श मंच है क्योंकि इसका आनंद पूरे परिवार के साथ लिया जा सकता है। हम गणतंत्र दिवस सप्ताहांत में सिनेमा हॉल में फिल्म लाने के लिए बहुत उत्साहित हैं। यह एक संपूर्ण मनोरंजक फिल्म है और मुझे वास्तव में उम्मीद है कि दर्शकों को फिल्म देखने में उतना ही आनंद आएगा जितना हमें इसे बनाने में आया है।

फिल्म में सीमा पाहवा, शीबा चड्ढा, लवलीन मिश्रा, नितीश पांडे, शशि भूषण जैसे अनुभवी कलाकार हैं। राजकुमार व भूमि पहली बार साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। राजकुमार महिला थाने में एक पुलिसवाले की भूमिका निभाते हुए दिखेंगे, जबकि भूमि एक पीटी टीचर बनी हैं। जंगली पिक्चर्स की 'बधाई दो' को अक्षत घिल्डियाल और सुमन अधिकारी ने लिखा है।