इन दिनों एक्टर अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर लाइमलाइट में हैं। उन्होंने ओटीटी के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ से हर किसी का ध्यान खींचा है। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि अंशुला इस बार सलमान खान के सुपरहिट रियलिटी शो बिग बॉस 19 का भी हिस्सा बनेंगी। हालांकि अब अंशुला ने ये साफ कर दिया है कि वो BB 19 का हिस्सा नहीं बनने वाली हैं। अंशुला ने शो में पार्टिसिपेट करने को लेकर बात की। अंशुला ने बताया कि उन्हें शो का फॉर्मेट क्यों अच्छा नहीं लगता और वो इतनी जल्दी इसे करने के लिए तैयार नहीं हैं। अंशुला ने जूम को दिए इंटरव्यू में कहा कि ‘ट्रेटर्स’, ‘बिग बॉस’ नहीं है।
कम से कम अगर आप ‘ट्रेटर्स’ का ऑरिजिनल कॉन्सेप्ट देखेंगे तो ये ‘बिग बॉस’ नहीं है। ये एक साइकोलॉजिकल शो है। सबसे जरूरी बात ये है कि शो की शूटिंग का समय बहुत अलग है। ‘ट्रेटर्स’ दो हफ्ते का खेल है, जबकि ‘बिग बॉस’ बहुत लंबा और बड़ा है। मैं ‘बिग बॉस’ नहीं देखती हूं, इसलिए मुझे नहीं पता कि मौजूदा ‘बिग बॉस’ कैसा दिखता है। लेकिन मुझे पता है कि मैं अभी इसके लिए तैयार नहीं हूं। मुझे नहीं लगता कि मैं उस माहौल में खुद को एंजॉय कर पाऊंगी। मुझे नहीं लगता कि ‘बिग बॉस’ एक गेम शो है। अंशुला ने हाल ही ‘द ट्रेटर्स’ के साथ रियलिटी शो डेब्यू किया, जो प्राइम वीडियो इंडिया पर स्ट्रीम हो रहा है।
इसे दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर होस्ट कर रहे हैं। बीबीसी स्टूडियोज इंडिया और ऑल3मीडिया इंटरनेशनल के सहयोग से निर्मित यह शो इंटरनेशनल फॉर्मेट और कॉम्बाइन स्ट्रैटेजी पर आधारित है। शो में महीप कपूर, करण कुंद्रा, राज कुंद्रा, जैस्मीन भसीन, एल्नाज नौरोजी, आशीष विद्यार्थी, हर्ष गुजराल, जन्नत जुबैर, सुधांशु पांडे, लक्ष्मी मांचू, मुकेश छाबड़ा, रैपर रफ्तार, उर्फी जावेद समेत कई सेलेब्स ने शिरकत की। जल्द ही इसका फाइनल होने वाला है। यह 12 जून से शुरू हुआ था।
‘बिग बॉस 19’ के मेकर्स ने किया एक्ट्रेस यूलिया वंतूर को अप्रोच‘बिग बॉस 18’ का खिताब इस साल की शुरुआत में एक्टर करणवीर मेहरा ने जीता था। शो को लेकर फैंस में जबरदस्त दीवानगी है। इसकी लोकप्रियता का आलम ये है कि पिछला सीजन खत्म होते ही अगले सीजन को लेकर चर्चाएं शुरू हो जाती हैं। इसमें सबसे ज्यादा अटकलें इस बात को लेकर लगाई जाती हैं कि शो में कौन-कौन शिरकत करेगा। फैंस चाहते हैं कि ऐसे कंटेस्टेंट आए जो 3-4 महीने तक उनका भरपूर मनोरंजन करें। इस बीच खबर है कि BB 19 में सलमान की एक्स गर्लफ्रेंड एक्ट्रेस यूलिया वंतूर भी नजर आ सकती हैं।
दोनों का नाम काफी वक्त तक सुर्खियों में रहा है। शो से जुड़ी खबरें साझा करने वाले प्लेटफॉर्म ‘बिग बॉस खबरी’ ने अपनी एक पोस्ट में बताया है कि यूलिया से मेकर्स ने शो के लिए संपर्क किया है। पोस्ट के मुताबिक यूलिया से पहले भी कई बार संपर्क किया गया है लेकिन उन्होंने हमेशा शो में आने से इनकार कर दिया है। लेकिन क्या इस बार वो बतौर कंटेस्टेंट नजर आएंगी? इस सवाल का जवाब दर्शकों को जल्द ही मिल जाएगा।
बता दें बॉलीवुड गलियारों में यही चर्चे थे कि कैटरीना कैफ के बाद भाईजान यूलिया को डेट कर रहे थे। दोनों को अक्सर साथ पार्टी करते हुए और एक-दूसरे के साथ समय बिताते हुए भी देखा जाता था। यूलिया को करिअर में आगे बढ़ने में भी सलमान ने सपोर्ट किया है। सलमान ने हाल ही यूलिया की शॉर्ट फिल्म ‘इकोज ऑफ अस’ का टीजर शेयर कर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं।