एक्ट्रेस अनीता हसनंदानी रेड्डी (44) ने रियलिटी टीवी शो 'छोरियां चली गांव' का खिताब जीत लिया है। उन्होंने शनिवार (4 अक्टूबर) को टेलीकास्ट हुए ग्रैंड फिनाले में दिग्गज एक्टर जैकी श्रॉफ की बेटी और टाइगर श्रॉफ की बहन कृष्णा श्रॉफ को मात दी। गांव में जयकारों, ढोल-ताशे और जश्न के बीच अनीता को विजेता घोषित किया गया। इस दौरान अनीता काफी इमोशनल नजर आईं। शो की विनर बनते ही उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। फाइनल एपिसोड की शुरुआत शो की टॉप 5 फाइनलिस्ट्स के साथ हुई। इस दौरान उर्फी जावेद और कृष्णा श्रॉफ के बॉयफ्रेंड अजीम भी वहां मौजूद थे।
इसके होस्ट रणविजय सिंह थे, जो मुख्त तौर पर एमटीवी के शो ‘रोडीज’ को होस्ट करने के लिए जाने जाते हैं। शो का पहला सीजन ग्रामीण जीवन की अनछुई सुंदरता को दिखाने और अपने सेलिब्रिटी प्रतिभागियों की क्षमता की परीक्षा लेने के नाम रहा है। गायों का दूध दुहने और कुएं से पानी निकालने से लेकर चूल्हे पर खाना पकाने और स्थानीय लोगों के साथ रिश्ते बनाने तक के सफर में यह सबकुछ देखने को मिला। शो मध्य प्रदेश के एक दूर-दराज के गांव में फिल्माया गया। फिनाले की रात 60 दिनों तक कंटेस्टेंट का सफर कैसा रहा इस पर भी बात की गई।
सभी सेलेब्रिटी कंटेस्टेंट अनीता, कृष्णा, ऐश्वर्या खरे, सुमुखी सुरेश, अंजुम फकीह, रमीत संधू, रेहा सुखेजा, एरिका पैकर्ड, सुरभि मेहरा, समृद्धि मेहरा, डॉली जावेद और वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट मायरा मिश्रा भी इस जीत का जश्न मनाती दिखीं। उल्लेखनीय है कि अनीता की शादी साल 2013 में रोहित रेड्डी के साथ हुई थी। उनके एक बेटा आरव है।
अनीता ने कहा, ये सिर्फ फैंस और गांव वालों की प्यार की वजह से ही मुमकिन हो पाया हैजीत के बाद अनीता ने एक इंटरव्यू में कहा कि मुझे यकीन ही नहीं हो पा रहा है कि मैंने ट्रॉफी जीत ली है। ये प्राइड भरा मोमेंट है। इस एज में शो जीतना, मेरे लिए, मेरे बच्चे के लिए और मेरे परिवार के लिए गर्व से भरा पल है। जब मैंने ‘छोरियां चली गांव’ के लिए हां किया था उस वक्त मुझे पता नहीं था कि ये शो मुझे मेरे कम्फर्ट जोन से बाहर लेकर आएगा। ये सिर्फ फैंस और गांव वालों की प्यार की वजह से ही मुमकिन हो पाया है। गांव वालों ने बहुत सपोर्ट किया।
इस दौरान उन्होंने गांव वालों के साथ-साथ अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन्हें वोट देकर ट्रॉफी जीतने में उनकी मदद की। बता दें अनीता एक एक्ट्रेस और मॉडल हैं, जिन्होंने अलग-अलग भाषाओं के टीवी सीरियल और फिल्मों में एक्टिंग की है। उनकी लोकप्रिय टेलीविजन भूमिकाओं में 'काव्यांजलि' की ‘अंजलि’ और 'ये है मोहब्बतें' की ‘शगुन’ का रोल हैं।
अनीता की फिल्मों की बात करें तो वह 'रागिनी एमएमएस 2', 'दस कहानियां' और 'कृष्णा कॉटेज' में नजर आ चुकी हैं। अनीता ने 'नागिन 3' सीरियल में भी काम किया है। अनीता ने साल 1998 में टीवी धारावाहिक 'इधर उधर' से अभिनय की शुरुआत की और साल 2001 में आई तेलुगु फिल्म 'नुव्वु नेनु' से फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था।