2 News : ‘एनिमल’ स्टार्स का यह वीडियो हो रहा है वायरल, जानें इन दो फिल्मों की 16वें दिन की कमाई

‘कबीर सिंह’ फेम संदीप रेड्डी वांगा के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘एनिमल’ को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। हाल ही में निजी जेट से सफर करते हुए फिल्म के कलाकारों और निर्देशक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फैंस को रणबीर कपूर, रश्मिका मंदाना और बॉबी देओल का ये अंदाज काफी पसंद आ रहा है। इन तीनों के साथ एक फ्लाइट अटेंडेंट फैन गर्ल मोमेंट का वीडियो सामने आया है।

ये एक्टर्स उस फैन गर्ल की शर्ट पर ऑटोग्राफ देते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह लड़की काफी खुश है। वांगा ने भी फ्लाइट अटेंडेंट की शर्ट पर ऑटोग्राफ दिया। इसी लड़की ने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो शेयर किया है। उनका नाम गीता छेत्री है और वह फ्लाइट अटेंडेंट के साथ एक ब्लॉगर भी हैं।

उन्होंने इस वीडियो को शेयर करते हुए बैकग्राउंड में ‘एनिमल’ का गाना 'पहले भी मैं' लगाया है। क्लिप में साफ तौर पर नजर आ रहा है कि एक प्राईवेट प्लेन के अंदर ‘एनिमल’ के सभी कलाकार बैठे हैं। इसके बाद गीता तीनों कलाकारों से अपनी व्हाइट शर्ट पर सिग्नेचर ले रही हैं। वीडियो 4 दिन पहले शेयर किया गया था और इसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।

भारत में 500 करोड़ रुपए के कलेक्शन के करीब पहुंची ‘एनिमल’

'एनिमल' बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। यह ताबड़तोड़ कमाई करने में लगी हुई है। फैंस इस पर बेशुमार प्यार लुटा रहे हैं। लोगों को यह मसालेदार फिल्म खूब पसंद आ रही है। यह रणबीर कपूर के करिअर की सबसे सफल फिल्म बन चुकी है। इसका कलेक्शन नित नए रिकॉर्ड तोड़ने में लगा है। बहरहाल फिल्म के 16वें दिन के आंकड़े सामने आ गए हैं।

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक 'एनिमल' ने तीसरे शनिवार (16 दिसंबर) को 13 करोड़ रुपए कमाए। फिल्म 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। वीकेंड पर इसकी कमाई में उछाल आया है। शुक्रवार की कमाई महज 8.3 करोड़ रुपए थी। फिल्म भारत में 498 करोड़ रुपए बटोर चुकी है। बता दें कि 'एनिमल' में जबदस्त हिंसा के साथ बोल्ड सीन की भरमार है। यह दिल्ली में बसे स्टीाल व्यीवसायी बलबीर सिंह (अनिल कपूर) और उसके बेटे रणविजय (रणबीर) के जटिल रिश्ते पर आधारित फिल्म है।

इस बीच, डायरेक्टर मेघना गुलजार की मूवी ‘सैम बहादुर’ भी अपने पैर जमाए हुए है। इसकी 16वें दिन की कमाई में गजब का उछाल देखने को मिल रहा है। खबरों के मुताबिक विक्की कौशल, सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख की 'सैम बहादुर' ने शनिवार (16 दिसंबर) को 4.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। इसका भारत में कुल कलेक्शन 71.35 करोड़ रुपए हो गया है।