अनिल कपूर का बदला अंदाज़, पहली बार सफेद बालों और मूंछों में आए नजर, बेटी सोनम कपूर ने दिया ऐसा रिएक्शन

बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता अनिल कपूर उन चुनिंदा सितारों में शामिल हैं, जिनकी फिटनेस और एनर्जी आज भी युवाओं को टक्कर देती है। 69 साल की उम्र में भी उनका जोश और दमदार फिजीक देखकर यही लगता है कि उम्र मानो उनके लिए थम-सी गई हो। अनिल कपूर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपने वर्कआउट वीडियो और फिटनेस से जुड़े पोस्ट फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं। उनकी किलर पर्सनैलिटी और चार्म आज भी लोगों को दीवाना बनाए हुए है।

इसी बीच अनिल कपूर ने अपना ऐसा लुक शेयर कर दिया, जिसने फैंस को चौंका दिया। हमेशा यंग और क्लीन-शेव अंदाज़ में दिखने वाले अभिनेता इस बार बिल्कुल अलग अवतार में नजर आए। उनके इस नए लुक को देखकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और फैंस जमकर रिएक्शन दे रहे हैं।

अनिल कपूर का नया ट्रांसफॉर्मेशन

अनिल कपूर द्वारा शेयर की गई तस्वीर में वह सफेद बालों और घनी मूंछों के साथ पोज देते दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा— “कोई नहीं जानता… आगे क्या होने वाला है।” उनका यह रहस्यमयी कैप्शन फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ा रहा है। ग्रे लुक में अनिल कपूर का अंदाज़ काफी दमदार और क्लासी लग रहा है।

हालांकि, इस लुक को लेकर फैंस की राय थोड़ी बंटी हुई नजर आई। जहां कई लोग उनके इस नए अवतार की जमकर तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ फैंस इस बदलाव से हैरान भी दिखे। इसके बावजूद, ज्यादातर लोगों का कहना है कि अनिल कपूर हर रूप में ‘झक्कास’ ही लगते हैं।

बेटी सोनम कपूर समेत सेलेब्स का रिएक्शन

अनिल कपूर के इस ट्रांसफॉर्मेशन पर फैंस ने दिल और फायर इमोजी के जरिए प्यार लुटाया। खास बात यह रही कि बेटी सोनम कपूर ने भी अपने पिता के नए लुक पर रिएक्ट किया। सोनम ने हार्ट और फायर इमोजी पोस्ट कर यह साफ कर दिया कि उन्हें पापा का यह अंदाज़ बेहद पसंद आया है।

इसके अलावा अभिनेता दर्शन कुमार ने कमेंट करते हुए लिखा— “वाह, झक्कास।” वहीं सुधांशु पांडे, रितेश देशमुख और अनुपम खेर जैसे सितारों ने भी अनिल कपूर के इस नए लुक की तारीफ की। कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट ने भी कमेंट में लिखा कि उन्हें अभिनेता का यह अवतार काफी पसंद आया।

नए लुक के पीछे क्या है वजह?

अनिल कपूर के इस ग्रे लुक को देखकर कई यूजर्स अंदाजा लगा रहे हैं कि यह किसी आने वाले प्रोजेक्ट की तैयारी हो सकती है। कुछ लोगों ने सवाल भी किया कि आखिर उन्होंने अचानक यह सफेद बाल और मूंछों वाला अंदाज़ क्यों अपनाया। हालांकि, अभी तक अनिल कपूर की तरफ से इस लुक के पीछे की असली वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल इतना तो तय है कि चाहे उम्र हो या लुक, अनिल कपूर हर बार अपने फैंस को इंप्रेस करने में कामयाब रहते हैं। ग्रे अवतार में भी उनकी हैंडसमनेस और कॉन्फिडेंस साफ झलक रहा है। वर्क फ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर हाल ही में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के साथ फिल्म ‘वॉर 2’ में नजर आए थे। फैंस अब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि उनका यह नया लुक आखिर किस प्रोजेक्ट में देखने को मिलेगा।