यशराज फिल्म्स (YRF) के बैनर तले बनी ‘सैयारा' सिनेमाघरों में 18 जुलाई को रिलीज हुई थी। यह रोमांटिक-म्यूजिकल ड्रामा फिल्म दर्शकों पर जादू चलाने में सफल रही। इसने बॉक्स ऑफिस पर 542 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया। ‘आशिकी 2' और ‘एक विलेन' जैसी सुपरहिट फिल्में बना चुके डायरेक्टर मोहित सूरी ने इस फिल्म से अहान पांडे और अनीत पड्डा को लॉन्च किया। यह जोड़ी फैंस को खूब पसंद आई। रातों-रात उनका सितारा चमक चुका है। उनके पास बड़े-बड़े फिल्ममेकर्स के ऑफर आने लगे हैं।
अब मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अनीत को YRF के जाने-माने डायरेक्टर मनीष शर्मा अपनी फिल्म में ले सकते हैं, जिन्होंने इससे पहले ‘टाइगर 3' और ‘फैन' जैसी फिल्में बनाई हैं। मनीष ने ‘बैंड बाजा बारात’ और ‘शुद्ध देसी रोमांस’ भी डायरेक्ट की हैं। बताया जा रहा है कि मनीष की इस फिल्म में अनीत हीरोइन होगी लेकिन हीरो कौन होगा, इसे अभी तक तय नहीं किया गया है। फिल्म की शूटिंग 2026 में शुरू होने की बात कही जा रही है। मिड डे की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा गया है, ”प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा दोनों एक्टर्स (अहान और अनीत) के करिअर पर पैनी नजर रख रहे हैं। 'सैयारा' की सफलता के बाद अनीत जेन Z के लिए रोमांस का चेहरा बन चुकी हैं।
आदित्य को लगता है कि मनीष की अगली रोमांटिक ड्रामा मूवी के लिए वे परफेक्ट चॉइस होंगी।” अनीत (23) के बारे में बात करें तो वह अमृतसर में एक मिडिल क्लास फैमिली में जन्मीं। उन्होंने स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल में पढ़ाई की और दिल्ली यूनिवर्सिटी के जीसस एंड मैरी कॉलेज से सोशियोलॉजी में ग्रेजुएशन किया। अनीत ने करिअर की शुरुआत नेस्कैफे, कैडबरी और पेटीएम जैसे ब्रांड्स के विज्ञापनों से की। साल 2022 में फिल्म ‘सलाम वेंकी' में ‘नंदिनी’ की छोटी भूमिका से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। साल 2024 में अमेजन प्राइम की वेब सीरीज ‘बिग गर्ल्स डोंट क्राई' में ‘रूही’ के रोल से उन्हें पहचान मिली।
अनिल कपूर और हर्षवर्धन ने इसी महीने फाइनल की अपार्टमेंट की डीलचार दशक से भी ज्यादा समय से लोगों का मनोरंजन करते आ रहे अनिल कपूर अपनी एक्टिंग के साथ दमदार पर्सनलिटी के चलते सबके दिलों पर राज करते हैं। अनिल भले ही 68 साल के हो चुके हैं लेकिन उनका करिश्मा कायम है। पिछले दिनों रिलीज हुई 'वॉर 2' में अनिल कर्नल विक्रांत कौल की भूमिका में नजर आए। अब अनिल एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने मुंबई के बांद्रा में एक आलीशान अपार्टमेंट खरीदा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अनिल और उनके बेटे हर्षवर्धन कपूर ने 5 करोड़ रुपए का एक शानदार अपार्टमेंट खरीदा है।
बाप-बेटे ने अगस्त 2025 में यह डील फाइनल की। उनकी ये संपत्ति 'द स्मोकी हिल CHS लिमिटेड' में स्थित है, जिसका एरिया 1165 वर्ग फुट है और इसका कारपेट एरिया 970 वर्ग फुट है। इसमें एक गैरेज भी शामिल है। इसके रजिस्ट्रेशन में उन्होंने 30 लाख रुपए के स्टांप शुल्क का भुगतान किया है। बांद्रा वेस्ट को मुंबई का सबसे महंगा और हाई-प्रोफाइल रियल एस्टेट बाजार माना जाता है। यहां पर मॉडर्न अपार्टमेंट्स, ऐतिहासिक बंगले और कमर्शियल स्पेसेज एक साथ देखने को मिलते हैं।
यही कारण है कि यहां बॉलीवुड सितारों, बिजनेस टाइकून और बड़े निवेशकों का जमावड़ा रहता है। अनिल के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे जल्द ही फिल्म 'अल्फा' में नजर आएंगे। इसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म के डायरेक्टर शिव रवैल हैं। 'अल्फा' क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।